Khelo India Tribal Games: भारत सरकार एवं भारतीय खेल प्राधिकरण की तरफ से छत्तीसगढ़ में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड की महिला कबड्डी टीम ने उपविजेता रहते हुए सिल्वर मेडल जीता।
वहीं झारखंड की पुरुष कबड्डी टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त करके ब्रोंज मेडल अपने नाम किया।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे बड़े प्लेटफॉर्म पर बेहतर प्रदर्शन करने पर कबड्डी एसोसियेशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन बिपिन कुमार सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दिया एवं खेल से जुड़े सभी सहयोगी की सराहना की।
उन्होंने कहा कि हम और मेहनत करेंगे और विजेता बनकर इतिहास रचेंगे।
एसोसियेशन के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने इस सफलता का श्रेय पूरे संघ को दिया और कहा कि यह हमारे कबड्डी संघ के साझा प्रयास से यह संभव हो पाया है।
गेम्स में टीम का प्रदर्शन
झारखंड की महिला कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल मैच में विदर्भ को 3 प्वाइंट से हराकर फाइनल में जगह बनायी थी।
हालांकि फाइनल में मेजबान छत्तीसगढ़ की टीम से मुकाबला हार गई और उपविजेता बनकर सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
वहीं झारखंड की पुरुष कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में हारने के बाद ब्रोंज मेडल प्राप्त किया।
टूर्नामेंट में टीम के मुख्य कोच सीताराम रजक और आलोक कुमार थे और उन्होंने टीम को तैयार करने में काफी मेहनत की।
उनके साथ महिला टीम मैनेजर सुविज्ञा कुमारी का भी खिलाड़ियों को तैयार करने में सराहनीय योगदान रहा।
इस सफलता के बाद पूरे संघ ने खुशी जाहिर की है।
खिलाड़ियों का होगा भव्य स्वागत
संघ के सचिव मुकेश कुमार सिंह और अंतर्राष्ट्रीय कोच तेजनारायण माधव का भी झारखंड कबड्डी टीम की इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संघ के सचिव मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि टीम की घर वापसी पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर खेल दिखाकर झारखंड कबड्डी की महिला और पुरूष टीमों ने यह दिखा दिया अगर सही प्रोत्साहन और सही खेल नीति हो तो झारखंड जैसा राज्य भी बेहतर खेल का प्रदर्शन कर सकता है।
