आज दिल्ली कैपिटल्स के सामने अजेय पंजाब किंग्स, प्ले ऑफ की रेस में बने रहने के लिये दिल्ली को जीत ज़रूरी

ipl

IPL Season 19: आईपीएल सीजन 19 में शनिवार को डबल हेडर मुकाबला होगा। पहले मुकाबले में पिछले सीजन की उपविजेता पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच भिड़ंत होगी।
श्रेयस की कप्तानी में पंजाब की टीम अब तक अजेय रहकर अंक तालिका में टॉप पर बरकरार है।
वहीं दिल्ली कैपिटल्स को अगर प्ले ऑफ की रेस में बने रहना है तो उसके लिए ये मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मुकाबला दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा।

पंजाब किंग्स की टीम इस सीजन में अब तक अजेय है। उसने 6 मुकाबले खेले हैं जिनमें 5 में जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था।
वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने भी अब तक 6 मुकाबले खेले हैं।

इनमें 3 मुकाबला वह जीत पायी है जबकि 3 में हार का सामना करना पड़ा है। अंक तालिका में दिल्ली की टीम इस समय छठे स्थान पर है।
दिल्ली में खेले गये दो मुकाबलों में एक में दिल्ली कैपिटल्स को हार जबकि एक में जीत मिली है।

हेड टू हेड में दोनों टीमें

दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल में अब तक 35 मुकाबले हुए हैं।
दोनों टीमें 17-17 मैच जीतकर बराबरी पर है, जबकि एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकल पाया था।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भी दोनों का रिकॉर्ड बराबरी का है।
यहां पर दोनों के बीच 12 बार भिड़ंत हो चुकी है। इनमें दोनों ने 6-6 मैच जीते हैं।

दिल्ली के खिलाड़ियों पर नज़र

आज के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के फैंस की नज़रें कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी। केएल राहुल, समीर रिजवी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, पथुम निसांका और डेविड मिलर के प्रदर्शन पर सबसे ज़्यादा नज़र रहेगी।

पंजाब के खिलाड़ियों पर नज़र

वहीं पंजाब किंग्स के फैंस अपने कप्तान श्रेयस अय्यर और प्रियांश आर्या को एक बार फिर बेहतरीन लय में देखना चाहेंगे।
उनके अलावा मार्को यान्सेन, कूपर कोनोली, मार्कस स्टॉयनिस, अर्शदीप सिंह, और विजय वैशाक से भी बेहतर खेल की उम्मीद होगी।