बेहतरीन खेल के साथ झारखंड वॉलीबॉल टीम का सफर खत्म, मजबूत टीमों को हराने के बाद भी चूकी टीम

Jharkhand volleyball team: 26वीं यूथ राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की युवा टीम ने शानदार और जुझारू खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान का समापन जीत के साथ किया।
प्रतियोगिता के बेहद प्रतिस्पर्धात्मक “ग्रुप ऑफ डेथ” में खेल रही झारखंड की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन मात्र 1 अंक से क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने से चूक गई। पूल अंक तालिका में पंजाब 14 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा, दिल्ली 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि झारखंड 11 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

मजबूत टीमों को झारखंड ने हराया

झारखंड की टीम ने अपने अभियान के दौरान केरल, कर्नाटक, पुदुचेरी और चंडीगढ़ जैसी मजबूत टीमों को पराजित किया, जबकि पंजाब और दिल्ली के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा।
प्रतियोगिता के महत्वपूर्ण मुकाबले में झारखंड की टीम ने चंडीगढ़ के खिलाफ जोरदार खेल का प्रदर्शन किया।

हालांकि क्वार्टर फाइनल में टीम को 3–1 सेटों से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में संघर्ष और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
यह प्रतियोगिता भुवनेश्वर स्थित बिजू पटनायक इंडोर स्टेडियम, KIIT एवं KISS यूनिवर्सिटी कैंपस में आयोजित की गई, जहां खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
क्वार्टर फाइनल से बाहर होने के बाद अपने अंतिम मैच में झारखंड की टीम ने शानदार वापसी करते हुए पुदुचेरी को रोमांचक मुकाबले में 3–2 सेटों से पराजित कर जीत दर्ज की। यह मुकाबला अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक रहा, जिसमें खिलाड़ियों ने धैर्य, संयम और टीम वर्क का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों को मिला टीम प्रबंधन का साथ

इस पूरे अभियान में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ टीम प्रबंधन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम के मैनेजर सत्यदेव सिंह, महिला मैनेजर नीलम गोयल, चीफ कोच संदीप राय तथा कोच प्रियरणजन, अमन लकड़ा एवं अमित कुमार ने खिलाड़ियों को बेहतरीन रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
मैच के दौरान झारखंड वॉलीबॉल संघ के सचिव उत्तम राज तथा सीईओ निशिकांत पाठक भी उपस्थित रहे और पूरे समय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
झारखंड की टीम के इस प्रदर्शन से राज्य के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है तथा भविष्य में और बेहतर परिणाम की उम्मीद जगी है।

टीम के इस प्रदर्शन पर झारखंड वॉलीबॉल संघ के संरक्षक शेखर बोस, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय, कार्यकारी उपाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, उपाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह, कार्यकारी सचिव संजय कुमार, आयोजन सचिव संजय ठाकुर, सहायक सचिव सूरज प्रताप, लाल देवासी, देवाशीष झा, प्रवीण मिश्रा, राजीव कुमार मिश्रा, नवीन कुमार शर्मा सहित राज्य के सभी जिला वॉलीबॉल संघों के अध्यक्ष एवं सचिवों ने हर्ष व्यक्त किया।