रांची में दो दिवसीय कराटे प्रशिक्षण शिविर का समापन, शिविर में 50 बच्चों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर

Karate Training Camp: बच्चों और युवाओं को सशक्त, अनुशासित और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बारियातू में आयोजित दो दिवसीय कराटे प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया।

यह विशेष शिविर डांस वांस एकेडमी और उत्कल कराटे स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।

दो दिनों तक चले इस शिविर में लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया और आत्मरक्षा के बेहतरीन गुर सीखे।

​शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी एवं ‘रिलेशंस’ के निदेशक आशुतोष द्विवेदी ने सभी सफल प्रतिभागी बच्चों के बीच प्रमाण पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए उन्होंने कहा कि आज के समय में हर बच्चे, विशेषकर युवाओं के लिए आत्मरक्षा के गुर सीखना बेहद जरूरी है।

कराटे न केवल हमें शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि हमारे भीतर अनुशासन और आत्मविश्वास भी पैदा करता है।

​कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डांस वांस एकेडमी के निदेशक शिवम मनोहरन और लक्ष्मी मिश्रा उपस्थित रहीं।

उन्होंने बच्चों के शानदार प्रदर्शन और लगन की सराहना की।

​अनुभवी प्रशिक्षकों ने सिखाये आत्मरक्षा के गुर

इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को कराटे की विभिन्न बारीकियों और तकनीकों से रूबरू कराया गया।

सेम्पई रवि कुमार ने बच्चों को वार्म-अप और बुनियादी ट्रेनिंग दी, जबकि चंदन कुमार ने काता का विशेष अभ्यास कराया।

वहीं सेंसेई संदीप लाल और सेम्पई प्रिंस ठाकुर ने कुमिते की ड्रिल और बुनियादी कुमिते प्रशिक्षण की बारीकियां सिखाई।

​इस पूरे भव्य आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने में कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी, उनमें ऋषि, शशि वर्मा और दीपक वर्मा प्रमुख रहे।

शिविर के समापन पर बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी इस पहल की भारी सराहना की।

समापन समारोह के दौरान मौजूद अभिभावकों ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे उपयोगी शिविरों का आयोजन होते रहना चाहिए।