India Vs Australia: महिला टी-20 विश्व कप में आज भारत के लिए करो या मरो वाला मुकाबला है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले इस मुकाबले को जीत टीम इंडिया सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी।
क्या ऑस्ट्रेलिया से बदला लेगी टीम इंडिया?
सोफी मोलिनक्स की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने लीग चरण के अपने सभी 4 मुकाबले जीते हैं और 8 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 विश्व कप में सबसे ज़्यादा 7 मैच खेलने वाली खिलाड़ी हैं।
इस दौरान हरमनप्रीत ने 2 अर्धशतक के साथ कुल 197 रन बनाये हैं।
वहीं स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने वर्ष 2018 में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धुनाई करते हुए 55 गेंदों पर 83 रनों की पारी खेली थी।
दीप्ति शर्मा, शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स से भी भारत को बेहतर बल्लेबाजी की उम्मीद रहेगी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की गेंदबाज पूनम यादव और दीप्ति शर्मा ने विश्व कप में 7-7 विकेट लिये हैं।
पूनम यादव ने एक ही मैच में 19 रन देकर 4 विकेट लिये थे।
इनके अलावा राधा और श्रीचरणी से भी बेहतरीन गेंदबाजी की उम्मीद रहेगी।
हेड टू मुकाबलों में दोनों टीमों का हाल
हेड टू हेड मुकाबलों में टी-20 विश्व कप के दौरान दोनों टीमों के बीच 7 बार भिड़ंत हो चुकी है।
इनमें ऑस्ट्रेलिया ने 5 जबकि भारत ने 2 बार जीत दर्ज की है।
2020 के विश्व कप में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को लीग मुकाबले में 17 रनों से शिकस्त दी थी।
लेकिन इसी प्रतियोगिता के फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 85 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था।
दोनों टीमों के बीच टी-20 में आखिरी भिड़ंत वर्ष 2024 में हुई थी।
शारजाह में खेले गये इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 रनों से शिकस्त दी थी।
सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी टीम इंडिया
अंक तालिका में भारत और दक्षिण अफ्रीका के 4-4 मैचों में 6 अंक हैं, लेकिन बेहतर रन रेट की वजह से टीम इंडिया नंबर 2 पर काबिज है।
सेमीफाइनल की जंग से पहले आखिरी लीग मैच में दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला बांग्लादेश के साथ है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया के मैच से पहले ही यह मुकाबला होना है।
बांग्लादेश को बड़े अंतर से हराकर दक्षिण अफ्रीका अपना रन रेट भी सुधार सकती है।
ऐसे में आज का मैच में न सिर्फ जीत बल्कि बेहतर रन रेट का भी ध्यान रखना होगा।
अगर दक्षिण अफ्रीका को बांग्लादेश की टीम हरा देती है तो भारत नेट रन रेट के आधार पर ऐसे ही सेमीफाइनल में पहुंच सकता है।
हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे बेहतर खेल दिखाकर जीत हासिल करने के बाद सेमीफाइनल में पहुंचते देखना ज़्यादा सुखद होगा।
