गौरव सिंह की स्मृति में अंडर-14 टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, रेलवे यूथ स्पोर्ट्स एकेडमी ने 3 रन से जीता उद्घाटन मैच

Ranchi cricket: रांची में रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी ने टी-20 अंडर-14 गौरव सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया है।

युवा क्रिकेटर गौरव सिंह की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान में हुआ।

उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जेएससीए के सचिव और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी मौजूद रहे।

उनके अलावा रांची जिला क्रिकेट संघ के सचिव शैलेंद्र कुमार और वार्ड 46 की पार्षद आरती कुमारी भी मौजूद रहे।

स्व. गौरव सिंह को श्रद्धांजलि दी गयी

मैच के पहले सभी अतिथियों ने युवा क्रिकेटर रहे स्वर्गीय गौरव सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण किया और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मौके पर सौरभ तिवारी ने कहा कि गौरव सिंह एक अत्यंत प्रतिभाशाली खिलाड़ी थे और उनका असमय निधन क्रिकेट जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि यदि वे आज हमारे बीच होते तो निश्चित रूप से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते।

उन्होंने रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के मुख्य कोच सह बीसीसीआई के सीनियर वीडियो एनालिस्ट चंद्रदेव सिंह सहित क्लब के वरिष्ठ खिलाड़ी मनीष कुमार, आकाशदीप चौधरी, शिवम, आयुष आर्यन, कुणाल कुमार सिंह, मनीष कुमार पांडे, सुभाष कुमार यादव, प्रशांत कुमार, विमल कुमार एवं सोनू कुमार उपस्थित रहे।

पहले मैच में रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी जीता

प्रतियोगिता के पहले मैच में रेलवे यूथ स्पोर्ट्स एकेडमी और जैप क्रिकेट एकेडमी के बीच मुकाबला हुआ।

इस मुकाबले में रेलवे यूथ स्पोर्ट्स एकेडमी ने 3 रनों से जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रेलवे यूथ स्पोर्ट्स एकेडमी ने 19.5 ओवर में 110 रन बनाये।

अभिज्ञान सिंह ने सबसे ज़्यादा 56 रनों की पारी खेली, वहीं ओम दीप ने 4 और शिवांक ने 2 विकेट चटकाये।

111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जैप क्रिकेट एकेडमी निर्धारित 20 ओवर में 107 रन ही बना पायी।

JAP क्रिकेट एकेडमी की तरफ से शिवांक ने 30 और निशान लाल ने 29 रनों का योगदान दिया।

अभिज्ञान सिंह को उनके अर्धशतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।