बेंगलुरू ने दर्ज की रॉयल जीत, घर में घुसकर दिल्ली कैपिटल्स को हराया, भुवनेश्वर और हेजलवुड की घातक गेंदबाजी

Bengaluru beat Delhi Capitals: दिल्ली कैपिटल्स को उसके होम टाउन दिल्ली में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने शर्मनाक तरीके से धोया।

जीत के लिए मिले 76 रनों के लक्ष्य को बेंगलुरू ने 6.3 ओवर मे ही 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

सलामी बल्लेबाज जैकब बेथल ने 11 गेंदों पर 20 रनों की पारी खेली।

देवदत्त पडिक्कल ने 13 गेंदों पर नाबाद 34 और विराट कोहली ने 15 गेंदों पर नाबाद 23 रन बनाये।

हेजलवुड और भुवनेश्वर की चली आंधी

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने दिल्ली कैपिटल्स की टीम उतरी।

लेकिन दिल्ली के बल्लेबाजों ने भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के आगे सरेंडर कर दिया।

जोश हेजलवुड ने सबसे ज़्यादा 4 विकेट लिये जबकि भुवनेश्वर ने 3 बल्लेबाजों को पैवेलियन भेजा।

रसिख सलाम, सुयश शर्मा और क्रुणाल पांड्या को 1-1 विकेट मिला।

दिल्ली की ओर से सबसे ज़्यादा अभिषेक पोरेल ने 30 रन बनाये।

उनके अलावा डेविड मिलर ने 19 और काइल जैमिसन ने 12 रनों का योगदान दिया।

बाकी के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इन 8 में 4 बल्लेबाज 0 पर ही पैवेलियन वापस लौटे।

हेजलवुड और भुवनेश्वर की आंधी में दिल्ली की आधी टीम 7 रन पर पैवेलियन लौट चुकी थी।

साहिल परख (0), केएल राहुल (1), नीतीश राणा (1), समीर रिजवी (0), ट्रिस्टन स्टब्स (5), अक्षर पटेल (0), कुलदीप यादव (3) और दुष्मंता चमीरा (0*) का योगदान रहा।

मैच के दौरान धूल भरी आंधी ने खेल को कुछ क्षण के लिए रोक दिया।

इस आंधी में कागज और कपड़े के टुकड़े मैदान में उड़कर गिरने लगे, लेकिन अंपायर और खिलाड़ियों ने खेल जारी रखा।

इसी मैदान पर पिछले मुकाबले में रिकॉर्ड रन बने थे।

दिल्ली कैपिटल्स ने 264 रन बनाये, जिसके जवाब में बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने इस बड़े टारगेट को बड़ी आसानी से हासिल कर लिया था।

इसी मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स ने इस आईपीएल का सबसे कम स्कोर खड़ा किया।

इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बेहतर रन रेट के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज है।

कोहली का विराट कीर्तिमान

विराट कोहली ने जैसे ही 11 रनों का निजी आंकड़ा छुआ, वे आईपीएल के इतिहास में 9000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये।

वे आईपीएल में 9 हज़ार रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गये हैं।

ये रिकॉर्ड उन्होंने 275वें मैच में बनाया।

आईपीएल में 800 से ज़्यादा चौके लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज भी विराट कोहली ही हैं।