बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: एनडीए की प्रतिष्ठा, विपक्ष की परीक्षा और युवा मतदाताओं का इम्तिहान

Bankipur Assembly By-election: बिहार की राजधानी पटना की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर का उपचुनाव इस बार सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं रह गया है, बल्कि यह सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्ष दोनों के लिए राजनीतिक प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुका है।

गुरूवार 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं।

इस चुनाव का परिणाम न केवल राजनीतिक दलों की ताकत का संकेत देगा, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों की दिशा भी तय कर सकता है।

शहरी आबादी वाले विधानसभा में अग्निपरीक्षा

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की सबसे बड़ी विशेषता इसकी शहरी आबादी है।

यहां के मतदाता ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में अलग सोच और प्राथमिकताओं के साथ मतदान करते हैं।

इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थानों से जुड़े छात्र, शिक्षक, व्यापारी, सरकारी कर्मचारी, निजी क्षेत्र के कर्मचारी तथा उच्च एवं मध्यम वर्ग के परिवार रहते हैं।

यही कारण है कि यहां विकास, रोजगार, शिक्षा, ट्रैफिक, कानून-व्यवस्था, नागरिक सुविधाएं और शहरी आधारभूत ढांचे जैसे मुद्दे चुनावी बहस के केंद्र में रहते हैं।

युवा मतदाता निभायेंगे निर्णायक भूमिका

करीब 3.80 लाख मतदाताओं वाले इस विधानसभा क्षेत्र में लगभग सवा लाख युवा मतदाता निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

पिछले कुछ वर्षों में बिहार की राजनीति में युवाओं की भागीदारी और उनकी राजनीतिक सोच में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के साथ-साथ उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं की संख्या भी लगातार बढ़ी है।

ऐसे में यह वर्ग किसी भी दल के लिए जीत और हार के बीच का अंतर साबित हो सकता है।

इस चुनाव की एक और खास बात यह है कि जेन-जी आंदोलन के बाद यह पहला बड़ा चुनाव है।

आंदोलन के दौरान युवाओं ने जिस तरह अपनी आवाज बुलंद की थी, उसके बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या वही ऊर्जा मतदान केंद्रों तक पहुंचेगी। यदि बड़ी संख्या में युवा मतदान करते हैं तो पारंपरिक राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।

यही वजह है कि लगभग सभी दल युवाओं को अपने पक्ष में करने के लिए अलग-अलग रणनीति पर काम कर रहे हैं।

नितिन नवीन और सम्राट चौधरी के लिए प्रतिष्ठा का विषय

राजनीतिक दृष्टि से यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है।

राज्य सरकार में मंत्री रहे और बांकीपुर में अपने पिता की राजनीतिक विरासत को संभाल रहे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लिए यह चुनाव उनकी राजनीतिक पकड़ का परीक्षण है।

वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए भी यह चुनाव संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व की कसौटी माना जा रहा है।

यदि एनडीए इस सीट को बरकरार रखता है तो यह उसके लिए आगामी चुनावों से पहले बड़ा मनोवैज्ञानिक लाभ होगा।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) इस चुनाव को शहरी क्षेत्रों में अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने के अवसर के रूप में देख रही है।

पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में है और सत्ता विरोधी माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है।

वहीं जन सुराज भी इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक रही है।

प्रशांत किशोर की पार्टी के लिए यह चुनाव सिर्फ सीट जीतने का प्रयास नहीं, बल्कि शहरी मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता साबित करने का अवसर भी है।

यदि जन सुराज चुनाव जीत जाये या एक बेहतर वोट हासिल करती है, तो बिहार की राजनीति में तीसरे विकल्प की बहस और तेज हो सकती है।

नये दौर में चुनावी नारों-वायदों से कुर्सी का रास्ता नहीं

हालांकि चुनावी मुकाबला केवल राजनीतिक नारों से तय नहीं होगा।

बांकीपुर जैसे शहरी क्षेत्र में मतदाता उम्मीदवार की छवि, विकास कार्य, स्थानीय उपलब्धता और भविष्य की योजनाओं को भी गंभीरता से देखते हैं।

यही कारण है कि सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों के माध्यम से स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देने की कोशिश कर रहे हैं।

30 जुलाई को होने वाला मतदान केवल यह तय नहीं करेगा कि बांकीपुर का अगला विधायक कौन होगा, बल्कि यह भी संकेत देगा कि बिहार के शहरी मतदाता किस दिशा में सोच रहे हैं।

खासकर युवा मतदाताओं का रुख, एनडीए की संगठनात्मक ताकत, आरजेडी की रणनीति और जन सुराज की स्वीकार्यता, इन सभी पर इस चुनाव का परिणाम महत्वपूर्ण संदेश देगा।

बांकीपुर उपचुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसका असर केवल एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं रहेगा।

इसके नतीजे बिहार की आगामी राजनीतिक रणनीतियों, गठबंधनों और चुनावी अभियान की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

इसलिए यह उपचुनाव पूरे राज्य की राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत बन गया है।