Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के छठे दिन भारत का शानदार प्रदर्शन जारी रहा।
दिन के मुकाबलों के समाप्त होने तक भारतीय खिलाड़ियों ने दो और रजत पदक अपने नाम कर लिए।
इसके साथ ही भारत की कुल पदक संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
भारतीय दल के खाते में अब तक 2 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य पदक आ चुके हैं।
धावक गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास
छठे दिन का पहला बड़ा प्रदर्शन पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में देखने को मिला, जहां गुलवीर सिंह ने शानदार दौड़ लगाते हुए इतिहास रच दिया।
उन्होंने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और मेडल डाला।
लंबी दूरी की दौड़ में यह उपलब्धि भारतीय एथलेटिक्स के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए हैं।
हरजिंदर के दम ने दिलायी रजत पदक
महिलाओं की 69 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में हरजिंदर कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
हरजिंदर ने पूरे मुकाबले में दमदार लिफ्ट लगाई और भारत के लिए दूसरा सिल्वर मेडल सुनिश्चित किया।
उनकी इस उपलब्धि ने भारतीय वेटलिफ्टिंग दल के शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है।
छह दिन की प्रतियोगिताओं के बाद भारत अब तक कुल 12 पदक (2 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य) जीत चुका है।
आने वाले दिनों में भारत के पास इस पदक संख्या को और बढ़ाने का सुनहरा मौका है।
बॉक्सिंग में भारत के 3 पदक हुये पक्के
इस बीच बॉक्सिंग से छठे दिन भारत के लिए शानदार खबर है।
भारतीय मुक्केबाज जादुमणि सिंह, प्रिया घनघस और प्रीति पवार अपने-अपने वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं।
कॉमनवेल्थ गेम्स के नियमों के अनुसार सेमीफाइनल में पहुंचने वाले दोनों हारने वाले खिलाड़ियों को भी कांस्य पदक मिलता है।
ऐसे में भारत के लिए बॉक्सिंग में कम से कम तीन और पदक पक्के हो चुके हैं। अब इन तीनों मुक्केबाजों की नजर फाइनल में जगह बनाने और पदक का रंग बदलने पर होगी।
भारतीय दल और खिलाड़ी चाहेंगे कि कांस्य की जगह वो गोल्ड जीतकर देश का नाम अंक तालिका में उपर पहुंचायें।
भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन ने पदक तालिका में देश की स्थिति को और मजबूत किया है।
एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग और बॉक्सिंग में लगातार मिल रही सफलता से यह उम्मीद बढ़ गई है कि आगामी दिनों में भारत स्वर्ण पदकों की संख्या में भी इजाफा करेगा।
