Asmita Wushu League: खेलो इंडिया अस्मिता वुशु लीग रांची का सोमवार को आचार्यकुलम स्कूल में सफलतापूर्वक समापन हुआ।
लीग में रांची के विभिन्न स्कूलों एवं क्लबों से सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की 200 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
महिलाओं को बेहतर मंच प्रदान करता है अस्मिता लीग
अस्मिता लीग का उद्देश्य देश में महिला खिलाड़ियों को खेल के लिए प्रोत्साहित करना, उन्हें प्रतियोगिता का बेहतर मंच उपलब्ध कराना, प्रतिभाओं की पहचान करना तथा महिलाओं की खेलों में भागीदारी को बढ़ावा देना है।
रांची में आयोजित इस लीग ने इसी उद्देश्य को धरातल पर उतारते हुए बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
आचार्यकुलम स्कूल रांची बना विजेता
प्रतियोगिता में आचार्यकुलम स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सिल्ली की टीम द्वितीय तथा के.सी. रॉय स्कूल एवं मांडर टीम संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि स्वामी दिव्यानंद थे।
उन्होंने शिवेंद्र दुबे, रत्नेश कुमार, शैलेन्द्र दुबे, सुशील कच्छप एवं दीपक गोप के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर लीग का शुभारंभ किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए स्वामी दिव्यानंद ने कहा कि हार से निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि हार से सीख लेकर संकल्प के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. मधुकांत पाठक, प्रोफेसर मुकुंद मेहता, चंचल भट्टाचार्य और अरविंद सिंह मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अस्मिता वुशु लीग ने यह संदेश दिया कि जब बेटियों को अवसर, मंच और सही मार्गदर्शन मिलता है, तो वे खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
इस प्रकार का आयोजन महिला खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
लीग के सफल संचालन में दीपक गोप, कार्तिक राम, लक्ष्य सोरेन, आकाश उरांव, प्रिया गाड़ी, पल्लवी, प्रतिमा कुमारी,दुला किसपोट्टा, वासुदेव टोप्पो, ध्रुव द्विवेदी, अमन कुमार, अविनाश कोइरी, कंचन तिग्गा एवं कार्तिक राम सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर हाल ही मे बाटुंमी इंटरनेशनल प्रतियोगिता से कांस्य पदक जीतकर लौटी अंतर्राष्ट्रीय वुशू खिलाड़ी अंजना कुमारी महतो और उनके कोच को सम्मानित किया गया।
