FIFA World Cup 2026: फुटबॉल वर्ल्ड कप में भारी उलटफेर का दौर जारी है।
स्पेन ने पुर्तगाल को हराकर उसका सफर समाप्त कर दिया।
वहीं अमेरिका भी बेल्जियम से करारी शिकस्त खाकर प्रतियोगिता से बाहर हो गया।
इसी के साथ फीफा वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी करने वाले तीनों देश मैक्सिको, कनाडा और अमेरिका खिताबी रेस से बाहर हो गये हैं।
रोनाल्डो के आखिरी वर्ल्ड कप का सफर हार के साथ खत्म
पुर्तगाल और स्पेन के बीच का मुकाबला शानदार होने की उम्मीद थी।
मैच से पहले ही दुनिया के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने आखिरी विश्व कप में खेलने का ऐलान कर दिया था।
लेकिन उनका यह सफर बिना खिताब जीते ही समाप्त हो गया।
स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर रोनाल्डो का सपना चूर-चूर कर दिया।
90 मिनट तक दोनों टीमों की तरफ से कोई गोल नहीं दागा जा सका।
आखिरकार इंजरी टाइम में स्पेन के मिकेल मेरिनो ने गोल दागकर पुर्तगाल का सफर समाप्त कर दिया।
मेरिनो सबस्टिट्यूट खिलाड़ी के तौर पर मैदान में उतरे थे।
इस वर्ल्ड कप में स्पेन एक मात्र ऐसी टीम है जिसके खिलाफ कोई भी गोल नहीं दाग पाया है।
स्पेन ने 2010 में वर्ल्ड कप जीता था।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का फुटबॉल करियर शानदार रहा
प्रतिष्ठित पुरस्कार बेलन डी’ओर 5 बार रोनाल्डो के नाम रहा।
5 बार यूईएफए चैंपियन लीग का विजेता रहे।
यूईएफए यूरो 2016 के विजेता टीम का हिस्सा रहे।
पुर्तगाल के उन्होंने रिकॉर्ड 976 गोल दागे।
बेल्जियम ने अमेरिका को बुरी तरह रौंदकर बाहर किया
बेल्जियम की टीम ने अमेरिका को बुरी तरह रौंदकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।
अमेरिका 1-4 गोल के अंतर से हारकर खिताबी रेस से बाहर हो गया।
बेल्जियम की तरफ से चार्ल्स डी केटेलाएरा ने 2 गोल दागा।
मैच की शुरूआत से ही अमेरिकी टीम के खिलाड़ियों के बीच तालमेल नज़र नहीं आया।
रेड कार्ड खाकर बैन होकर वापस लौटने वाले अमेरिकी खिलाड़ी फोलारिन बालोगन भी मैच में कुछ कमाल नहीं कर पाये।
शुरू से हावी रही बेल्जियम की टीम ने 9वें मिनट में ही पहला गोल दागा।
निकोलस रास्किन के पास पर चार्ल्स डी केटेलाएरा ने गोल दागा।
हालांकि 31वें मिनट में अमेरिका के मलिक टिलमैन ने फ्री किक पर गोल दागकर स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
लेकिन 33वें मिनट में ही चार्ल्स डी केटेलाएरा ने अपना दूसरा गोल दागते हुए बेल्जियम को 2-1 से आगे कर दिया।
पहले हाफ में 2-1 से पीछे रहने वाली अमेरिकी टीम दूसरे हाफ में भी बेबस नज़र आयी।
बेल्जियम के खिलाड़ी लगातार अटैक करते रहे और 57वें मिनट में हैंस वानाकेन ने अपनी टीम के लिए तीसरा गोल दाग दिया।
90 मिनट का खेल खत्म होने के बाद बेल्जियम की टीम 3-1 से आगे थी।
इंजरी टाइम में बेल्जियम को ही फायदा हुआ और रोमेलू लुकाकू ने शानदार गोल दागते हुए अमेरिका को 4-1 से पीछे धकेल दिया।
क्वार्टर फाइनल में अब बेल्जियम और स्पेन के बीच भिड़ंत होगी।
