आज संजू और जाडेजा होंगे आमने-सामने, राजस्थान के खिलाफ धौनी के बिना उतरेगी चेन्नई

ipl

IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स आज से अपना सफर शुरू करने जा रहे हैं।

दोनों के बीच गुवाहाटी में मुकाबला होगा। हालांकि ये मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। वजह है दोनों टीमों के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों की अदला-बदली।

वहीं करीब 18 सालों बाद यानी पहली बार चेन्नई की टीम रवींद्र जाडेजा, महेन्द्र सिंह धौनी और सुरेश रैना के बगैर मैदान में उतरेगी। हर वर्ष इनमें से कोई न कोई खिलाड़ी हर मैच में मैदान पर मौजूद रहा है।

चेन्नई के हो चुके हैं संजू सैमसन

यह मुकाबला संजू सैमसन के लिए भी काफी महत्वपूर्ण है। बीते एक दशक से भी अधिक समय से संजू राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे। हालांकि वो खिताब नहीं जीता पाये लेकिन अपनी टीम को फाइनल तक का सफर तय करवाया।

लेकिन अब वे गुलाबी की जगह पीली जर्सी में खेलते नज़र आयेंगे।

T-20 विश्व कप जीत के हीरो रहे सैमसन

संजू सैमसन टी-20 विश्व कप में भारत के विश्व विजेता बनने के हीरो रहे। प्रतियोगिता में आखिरी तीन मुकाबले (क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल, फाइनल) में शानदार तूफानी पारी खेल जीत की नींव रखी थी।

धौनी के बिना उतरेगी चेन्नई

महेन्द्र सिंह धौनी चोट के कारण 2 हफ्तों के लिए टीम से बाहर हैं। ऐसे में उनके बिना ही टीम मैदान में उतरेगी। उनके नहीं रहने पर संजू विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाल सकते हैं।

झारखंड के कार्तिक को मिल सकता है मौका

बायें हाथ के स्पिन गेंदबाज और बल्लेबाज प्रशांत वीर को मौका मिल सकता हैं। साथ ही झारखंड के कार्तिक शर्मा को भी मौका मिल सकता है। कार्तिक को चेन्नई ने 14.2 करोड़ रूपये में खरीदा है।

रियान पराग के कंधे पर राजस्थान सवार

संजू सैमसन के जाने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। ये अच्छी बात है कि रियान अपने कप्तानी करियर की शुरूआत अपने घरेलु मैदान गुवाहाटी से करने जा रहे हैं।

राजस्थान की टीम बेहद संतुलित

आलराउंडर रवींद्र जाडेजा और सैम करन के आने से टीम बेहद मजबूत हुई है। यशस्वी जायसवाल और शिमरन हेटमायेर पूरे फॉर्म में हैं। हेटमायर ने इसी महीने वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी की है।

वैभव के तूफान से बचना मुश्किल

पिछले आईपीएल की खोज बिहार के वैभव सूर्यवंशी पर सभी की निगाहें रहेंगी। वैभव के तूफान से न सिर्फ घरेलू टीमें बल्कि बीते एक साल में दुनिया भर की कई टीमें खौफ खा चुकी हैं।

गेंदबाजी का जिम्मा अनुभव पर

जोफ्रा आर्चर तेज गेंदबाजी की अगुवाई करेंगे। उनका साथ सैम करन और क्वेना मफाफा देंगे। जाडेजा और रवि बिश्नोई स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा संभाल सकते हैं।