कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: चौथे दिन भारत का शानदार प्रदर्शन, मीराबाई चानू ने दिलाया स्वर्ण, भारोत्तोलन और मुक्केबाजी में चमका देश

Commonwealth Games 2026 Day 4: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के चौथे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया।

भारत ने 1 स्वर्ण सहित 2 रजत पदक पर कब्ज़ा किया।

इस तरह गेम्स में भारत के कुल 4 पदक हो गये हैं।
वहीं कई खेलों में भारत पदक की रेस से बाहर हो गया।

मीराबाई चानू ने गोल्ड जीत लगाई हैट्रिक

भारोत्तोलन में मीराबाई चानू ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

यह कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका लगातार तीसरा स्वर्ण पदक है, जिससे उन्होंने अपनी बादशाहत कायम रखी।

मीराबाई का यह स्वर्ण भारत के लिए इस बार के खेलों का पहला गोल्ड भी साबित हुआ।

आर. मुथुपांडी और ऋषिकांत सिंह ने देश को रजत पदक दिलाया

भारोत्तोलन में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी रहा।

आर. मुथुपांडी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

उन्होंने 126 और 160 किलो के साथ सिल्वर मेडल जीता।

वहीं ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या में इजाफा किया।

ऋषिकांत ने स्नैच में 121 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम उठाया।

इन खिलाड़ियों से पदक की उम्मीदें बरकरार

मुक्केबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार शुरुआत की।

महिला 54 किग्रा वर्ग में प्रीति पवार ने मलावी की डेबोरा म्टेंजे को हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।

वहीं, पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग में जादुमणि सिंह ने पाकिस्तान के सुमामा रहमान को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराकर अंतिम-8 में प्रवेश किया और पदक की उम्मीदें मजबूत कर दीं।

तैराकी में भी भारत को अच्छी खबर मिली।

श्रीहरि नटराज, आर्यन नेहरा, अनीश गौड़ा और दक्षण शशिकुमार की पुरुष 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।

इन स्पर्धाओं से भारत की उम्मीदें खत्म

हालांकि कुछ स्पर्धाओं में भारत को निराशा भी हाथ लगी।

लॉन बॉल्स में रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की हार के साथ इस स्पर्धा में पदक की उम्मीद समाप्त हो गई।

पुरुष एकल लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल को माल्टा के शॉन जेम्स पार्निस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

मुक्केबाजी के 65 किग्रा वर्ग में आदित्य प्रताप यादव युगांडा के नुहू बट्टे से हारकर बाहर हो गए।

वहीं, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के ऑलराउंड फाइनल में तपन मोहंती 70.100 अंक के साथ 15वें स्थान पर रहे और पदक से चूक गए।

चौथे दिन के प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय खिलाड़ी कई स्पर्धाओं में मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं।

आने वाले दिनों में देश को मुक्केबाजी, तैराकी और अन्य स्पर्धाओं से भी पदकों की उम्मीद रहेगी।