भारतीय लड़कियों ने चटाई पाकिस्तान को धूल, जीत के साथ किया शानदार आगाज, 106 पर ढेर हुई पाकिस्तान की टीम

India Vs Pakistan: महिला टी-20 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाकर विश्व कप में जीत के साथ अपने अभियान की शुरूआत की।

दीप्ति शर्मा और श्री चरणी के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिये और महज 106 रनों पर ऑल आउट हो गयी।

इसी के साथ भारत अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

शुरूआत झटकों के बाद संभली टीम इंडिया

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत बेहद खराब रही।

सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और तीसरे नंबर पर उतरीं जेमिमा रोड्रिग्स 3.2 ओवर में कुल 18 रनों पर ही पैवेलियन लौट गयीं।

इसके बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला।

दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी हुई।

स्मृति ने शानदार पारी खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया।

उन्होंने 44 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 68 रन बनाये।

हरमनप्रीत ने 35 गेंदों पर 36 रनों की पारी खेली।

16.2 ओवर में 123 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद ऋचा घोष मैदान पर आईं।

मैदान में आते ही ऋचा ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की पिटायी करते हुए टीम का स्कोर 170 तक पहुंचा दिया।

ऋचा ने 17 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 34 रन बनाये।

पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना को 2-2 विकेट मिले।

वहीं तस्मिया रूबाब और रमीन शमीम को 1-1 विकेट मिला।

तेज शुरूआत के बाद बिखरी पाकिस्तानी बल्लेबाजी

171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरूआत काफी शानदार रही।

मुनीबा अली और गुल फिरोजा ने पहले विकेट के लिए 4.4 ओवर में 38 रन जोड़े।

गुल फिरोजा के आउट होने के बाद उतरी आयेशा जफर ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए पावर प्ले में पाकिस्तान का स्कोर 52 पहुंचा दिया।

लेकिन इसके बाद दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने गेंदबाजी पर मोर्चा संभाला।

दोनों की गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की टीम 17 ओवर में 106 रनों पर ही ढेर हो गयी।

पाकिस्तान की स्टार खिलाड़ी और कप्तान फातिमा सना अपना खाता भी नहीं खोल पायीं और शेफाली वर्मा की गेंद पर आउट हो गयीं।

पाकिस्तान की ओर से सबसे ज़्यादा मुनीबा ने 41 रन बनाये।

दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट और श्रीचरणी ने 3 विकेट लेकर पाकिस्तानी टीम को सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया।

शेफाली वर्मा को कप्तान सना का विकेट मिला।