हरियाणा ने जीता राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का खिताब, फाइनल में झारखंड को 2-1 से हराया

Junior Hockey Championship: महाराष्ट्र में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप का खिताब हरियाणा ने जीत लिया।

फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने झारखंड को 2-1 से हराया।

इस हार के साथ झारखंड की टीम लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल करने से चूक गई।

संघर्षपूर्ण फाइनल मुकाबले में झारखंड ने शानदार शुरुआत की।

दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में सरोज मुंडरी ने फील्ड गोल कर झारखंड को 1-0 की बढ़त दिलाई।

हालांकि, कुछ ही देर बाद मैच के 23वें मिनट में हरियाणा ने पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए गोल कर मुकाबले को 1–1 की बराबरी पर ला दिया।

हाफ टाइम के बाद 42 वें मिनट में हरियाणा ने एक और गोल कर 2–1 की बढ़त बना ली।

इसके बाद झारखंड की टीम ने बराबरी के लिए कई जोरदार आक्रमण किए, लेकिन हरियाणा की मजबूत रक्षापंक्ति ने झारखंड को गोल करने का कोई अवसर नहीं दिया।

मैच खत्म होने तक हरियाणा की बढ़त जारी रही और 2–1 से जीत दर्ज कर 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम किया।

वहीं झारखंड को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

इस जीत के साथ ही हरियाणा ने पिछले वर्ष के फाइनल में झारखंड से मिली हार का बदला भी चुकता किया।