IPL 2026: आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का विजय रथ रूक गया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने अब तक अजेय रही राजस्थान को 57 रनों से करारी शिकस्त दी।
एक समय ऐसा लग रहा था कि राजस्थान की टीम 50 रनों के भीतर सिमट जायेगी। लेकिन डोनावन फरेरा और रवींद्र जाडेजा ने पूरी टीम की लाज बचा ली।
ईशान किशन की कप्तानी पारी
मैच के हीरो रहे सनराइजर्स के कप्तान ईशान किशन, साकिब और प्रफुल्ल।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम की शुरूआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गये।
उसके बाद ट्रेविस हेड भी 18 गेंदों पर सिर्फ 18 रन बनाकर पैवेलियन लौट गये।
उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान ईशान किशन ने राजस्थान के गेंदबाजों को जमकर कूटा।
मैदान के चारों तरफ शॉट्स लगाते हुए ईशान किशन शतक से महज 9 रन पहले 91 रन पर आउट हो गये। 44 गेंदों का सामना करने के दौरान उन्होंने 8 चौके और 6 छक्के जड़े।
किशन का साथ हेनरिक क्लासेन ने बखूबी दिया। उन्होंने 40 रनों का योगदान दिया।
उनके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों पर 28 और इतने ही गेंद पर सलिल अरोरा ने 24 रन बनाये।
निर्धारित 20 ओवर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 6 विकेट पर 216 रन बनाये।
बीते चार मैचों में वैभव और यशस्वी की बल्लेबाजी देख 217 रनों का लक्ष्य बेहद आसान लग रहा था।
फैंस और क्रिकेट कमेंटेटर्स अनुमान लगाने लगे थे कि ये लक्ष्य राजस्थान की टीम 12 ओवरों में हासिल करेगी या सिर्फ 15 ओवरों में।
लेकिन राजस्थान की सारी उम्मीदों पर पानी फेरने का काम किया प्रफुल्ल और साकिब ने।
इसी मैच से SRH के लिए डेब्यू करने उतरे विदर्भ के गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने कहर बरपाती गेंदों से राजस्थान के बल्लेबाजों को उखाड़ फेंका।
पारी का पहला ही ओवर फेंकने आये प्रफुल्ल ने दूसरी ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को आउट कर पैवेलियन का रास्ता दिखाया।
पारी की चौथी गेंद पर ध्रुव जुरेल बोल्ड आउट होकर वापस लौटे।
इसी ओवर की छठी गेंद पर प्रिटोरियस को प्रफुल्ल ने नीतीश कुमार रेड्डी के हाथों कैच आउट करा दिया।
1 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर था 3 विकेट के नुकसान पर 1 रन।
दूसरे ओवर की गेंदबाजी के लिए युवा साकिब हुसैन को कप्तान ईशान किशन ने जिम्मेदारी दी।
साकिब ने अपने पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर यशस्वी जायसवाल को पैवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
पारी का तीसरा और अपना दूसरा ओवर फेंकने आये प्रफुल्ल ने बल्लेबाजी करने आये राजस्थान के कप्तान रियान पराग को आउट कर अपना चौथा विकेट लिया।
राजस्थान की टीम का स्कोर 3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 9 रन हो गया।
इस सीजन में टॉप ऑर्डर की बल्लेबाजी की बदौलत ही राजस्थान की टीम बेहतर खेल दिखा पा रही थी।
ऐसे में उनके फेल होने के बाद राजस्थान को उम्मीद थी कि मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज मैच में वापसी करायेंगे।
लेकिन अब तक बल्लेबाजी और गेंदबाजी में कोई कमाल नहीं कर पाये कप्तान रियान पराग भी गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर पैवेलियन लौट गये।
बल्ले और गेंद से असफल रहे पराग
रियान पराग जब राजस्थान की टीम में आये थे तो वे एक ऑलराउंडर खिलाड़ी के तौर पर आये थे।
तत्कालीन कप्तान संजू सैमसन उनसे गेंदबाजी भी करवाते थे और मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी भी।
लेकिन जब से राजस्थान की कमान पराग के हाथ में आयी है, वो बस सिर्फ कप्तानी ही कर रहे हैं। न उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी देखने को मिली है और न ही उनकी प्रभावित करने वाली गेंदबाजी।
जब कप्तान किसी भी विभाग में अच्छा खेल नहीं दिखाये तो इससे खिलाड़ियों का मनोबल गिरता है।
पराग के आउट होने के बाद डोनावन फरेरा और रवींद्र जाडेजा ने 118 रनों की पार्टनरशिप जरूर की। लेकिन ये मैच जिताने के लिए नहीं बल्कि हार का अंतर कम करने के लिए था।
मैच का स्कोर कार्ड
सनराइजर्स हैदराबाद बल्लेबाजी
ईशान किशन- 91 (44) {8*4, 6*6}
हेनरिक क्लासेन- 40 (26) {1*4, 3*6}
नीतीश कुमार रेड्डी- 28 (13) {0*4, 4*6}
राजस्थान रॉयल्स गेंदबाजी
जोफ्रा आर्चर- 2/37 (4)
रियान पराग- 1/5 (1)
संदीप शर्मा- 1/52 (4)
राजस्थान रॉयल्स बल्लेबाजी
डोनोवन फेरेरा- 59 (44) {7*4, 3*6}
रवीन्द्र जाडेजा- 45 (32) {5*4, 0*6}
तुषार देशपांडे- 25 (11) {0*4, 3*6}
सनराइजर्स हैदराबाद गेंदबाजी
साकिब हुसैन- 4/24 (4)
प्रफुल्ल हिंगे- 4/34 (4)
एहसान मलिंगा- 2/31 (4)
