Khelo India Tribal Games: छत्तीसगढ़ इन दिनों खेल के रंग में डूबा हुआ है। भारत सरकार के खेल विभाग और छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग से प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (Khelo India Tribal Games) चल रहा है।
यहां झारखंड के खिलाड़ी लगातार अपना दबदबा बनाये हुए हैं। मंगलवार को झारखंड के पदकों की संख्या बढ़कर 14 हो गयी।
जगदलपुर में आयोजित पुरुष एवं महिला एथलेटिक्स स्पर्धा में झारखंड के एथलीटों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक समेत 6 पदक जीता।
पुरुष वर्ग के 100 मीटर में शिव कुमार सोरेन, महिला वर्ग के 100 मीटर में पृथ्वी उरांव और महिला 4X100 मीटर रिले दौड़ में पुतुल बास्की, अनामिका उरांव, अनुष्का तिर्की और पृथ्वी उरांव की चौकड़ी ने स्वर्ण पदक जीता।
पुरुष वर्ग के 4 गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में दीपक मुंडा, शिव कुमार सोरेन, और दीपक टोप्पो की चौकड़ी ने रजत पदक जीता।
महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में चिंतामणि टूटी ने कांस्य पदक जीता।
महिलाओं की 100 मीटर स्पर्धा में पुतुल बास्की ने कांस्य पदक जीता।
कुश्ती के पुरुष वर्ग के 77 किलो वर्ग में अभिषेक मुंडा ने स्वर्ण पदक जीता।
महिला फुटबॉल में झारखंड का शानदार खेल जारी है। रायपुर में आयोजित मैच में झारखंड ने गुजरात को 9- 0 से रौंदा और फाइनल में पहुंची।
झारखंड की ओर से सबरनी ने 3, अनीता ने 2, एलिजाबेथ एक्का ने 2 और ऊषा के गोल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कबड्डी में भी झारखंड का शानदार प्रदर्शन जारी है। इस खेल में झारखंड की महिला और पुरूष दोनों टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।
पदक विजेता खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, उपनिदेशक राजेश कुमार, भोला नाथ सिंह, मधुकांत पाठक, सीडी सिंह, एस.के. पांडे, साझा के मणिकांत, देवेंद्र सिंह, नोडल पदाधिकारी उमेश लोहरा, एथलेटिक्स टीम मैनेजर डी.एस.ओ. पाकुड़ राहुल कुमार, टीम कोच आशु भाटिया, नीरज राय, नरेश कुजूर, अनुभा खाका, कुश्ती कोच रजनीश सिंह और बबलू, प्रकाश सिंह बादल समेत राज्य के खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।
