Asmita National Women’s Yogasana League: नई दिल्ली के आनंद धाम आश्रम बक्करवाला में आयोजित ‘अस्मिता योगासन नेशनल महिला लीग में झारखंड की बेटियों ने अपनी खेल प्रतिभा से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। 29 से 31 मार्च तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक और सम्मानजनक स्थान प्राप्त किए।
युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
आर्टिस्टिक पेयर में 18 वर्ष से ऊपर के आयु वर्ग में झारखंड की आकांक्षा कुमारी और पम्मी कुमारी की जोड़ी ने 90.18 का स्कोर करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया।
इस शानदार उपलब्धि के लिए दोनों को नेशनल लेवल कैश प्राइज नियमों के तहत 24 हज़ार रूपये की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।
आर्टिस्टिक ग्रुप स्पर्धा में झारखंड की टीम ने कड़े मुकाबले में 92.84 अंकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया। इसमें भाग लेने वाली खिलाड़ी थीं पम्मी कुमारी, आकांक्षा कुमारी, अनुपा किंडो, निधि कुमारी और कोमल राय।

इसी इवेंट में कशक कच्छप और माही कुमारी की जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया।
झारखंड में खुशी की लहर
खिलाड़ियों की इस सफलता पर झारखंड योगासन खेल संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें बधाई दी। संघ के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा, “हमारी बेटियों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का लोहा मनवाया है, यह पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है।”
मुख्य सलाहकार बिपिन पांडेय, सचिव चंदू कुमार, कोषाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह और संयुक्त सचिव मलय डे ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में झारखंड योगासन के क्षेत्र में और भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
खिलाड़ियों को बधाई देने वालों में रांची जिला की अध्यक्ष डॉ. संतोषी साहू, संतोष शर्मा, बृजेश सिंह, कुणाल कुमार, रांची जिला सचिव डॉ. एस.के. घोषाल, चैताली मुखर्जी, सोनाली सरकार, अम्या अंशु, शंकर राणा, राहुल रंजन, राहुल सिंह, पी. तिवारी, पूजा सिंह और सुजीत कुमार भी शामिल हैं। इसके साथ ही सभी जिलों के अध्यक्ष, सचिव और अन्य सदस्यों ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
