गिरिडीह उपायुक्त ने सुनी आमजनों की समस्यायें, संबंधित पदाधिकारियों को तुरंत समाधान के दिये निर्देश

Giridih Deputy Commissioner: गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित जनता दरबार के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों की समस्याओं को सुना।

इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में पारिवारिक विवाद, भूमि एवं ज़मीन से संबंधित मामले, लगान रसीद, म्यूटेशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याओं सहित अन्य कई प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश

उपायुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया जाए।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित लाभुकों से संवाद स्थापित करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने पूछा कि उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। जिन लाभुकों ने किसी कारणवश योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की बात कही, उनके मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

उपायुक्त ने विशेष रूप से वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच एक सशक्त संवाद का माध्यम है, जहां लोग अपनी समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। इससे न केवल समस्याओं के समाधान में तेजी आती है, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है।