झारखंड पात्रता परीक्षा के लिए धनबाद जिला प्रशासन तैयार, उपायुक्त और एसएसपी ने दिये कई दिशा-निर्देश

Jharkhand Eligibility Test: 26 अप्रैल को धनबाद के 70 परीक्षा केंद्रों पर झारखंड पात्रता परीक्षा होने वाली है।

परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने न्यू टाउन हॉल में सभी स्टैटिक दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दंडाधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

परीक्षा केंद्र के पास निषेधाज्ञा लागू

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि पूर्व में आयोजित परीक्षाओं की तरह इस परीक्षा को भी शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इसलिए किसी भी परीक्षा केंद्र के आसपास भीड़ नहीं होनी चाहिए।

उपायुक्त ने सभी दंडाधिकारियों को उनके साथ टैग पुलिस पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाने, परीक्षा के दौरान कोई समस्या आने पर वरीय पदाधिकारियों को सूचित करने, परीक्षा केंद्र पर कोई अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होने देने, अपने दायित्व का अच्छे से निर्वहन करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण परीक्षा है। कोई गलती की संभावना नहीं रहे। कोई कोताही नहीं बरते। परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश एवं निकास के लिए सिंगल गेट सिस्टम की व्यवस्था रहेगी। इस बार आईआरआईएस अटेंडेंस सिस्टम से अभ्यर्थी की पहचान की जाएगी। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जाँच करें। यह भी सुनिश्चित करें कि सही परीक्षार्थी अपनी सही सीट पर बैठे।

कोई भी परीक्षार्थी, परीक्षक या परीक्षा में लगा अन्य कोई व्यक्ति, परीक्षा केन्द्र पर किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों या उपकरणों का प्रयोग नहीं करेगा।

परीक्षा केन्द्र पर मोबाईल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, घड़ी, कैलकुलेटर, पेजर, चिप, कम्प्यूटर को प्रभावित करने वाला कोई उपकरण सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना निषिद्ध होगा। अभ्यर्थी केवल लेखन सामग्री लेकर ही प्रवेश करेंगे।

पत्रकारों का प्रवेश रहेगा वर्जित

परीक्षा के अवसर पर सभी परीक्षा केन्द्रों तथा स्ट्रांग रूम परिसर के पास किसी भी मीडिया प्रतिनिधि, पत्रकार, छायाकार अथवा अन्य मीडिया कर्मियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित एवं वर्जित रहेगा।

एसएसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को दिये निर्देश

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय से पूर्व ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया। साथ में आयोग के निर्देश एवं प्रक्रिया का ध्यानपूर्वक पालन करने, प्रश्न पत्रों का मिलान कर लेने, दंडाधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने, परीक्षा केंद्र पर सतर्क रहने एवं कंट्रोल रूम के साथ सीधे संपर्क में रहने की हिदायत दी।

वहीं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने परीक्षा से संबंधित समय सारणी, सीटिंग प्लान, विभिन्न प्रपत्र को भरने, अभ्यर्थियों का प्रवेश एवं निकास, दंडाधिकारियों का कर्तव्य, फ्लाइंग स्क्वाड एवं पुलिस पदाधिकारी का दायित्व, प्रश्न पत्रों का वितरण, गश्ती व्यवस्था सहित अन्य विषयों पर दिशा निर्देश दिए।