Rugby Player Ajit Nag: झारखंड के प्रतिभावान रग्बी खिलाड़ी अजित नाग का एक बार फिर भारतीय अंडर-18 रग्बी टीम में चयन हुआ है।
अजित नाग आगामी एशिया रग्बी अमीरात अंडर 18 चैम्पियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 5 एवं 6 सितंबर को चाइना में किया जाएगा।
लगातार तीसरी बार टीम में चयन
अजित नाग के लिए यह विशेष उपलब्धि है कि वे लगातार तीसरी बार एशिया रग्बी अंडर-18 चैम्पियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं।
इससे पूर्व उन्होंने एशिया रग्बी अंडर-18 चैम्पियनशिप 2024, मलेशिया तथा एशिया रग्बी अंडर-18 चैम्पियनशिप 2025, होहोत, चाइना में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
लगातार तीन वर्षों तक भारतीय टीम में स्थान बनाना अजित नाग की प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाता है।
उनकी इस उपलब्धि से झारखंड एवं विशेष रूप से उनके गृह जिला खूंटी के खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
झारखंड में रग्बी खिलाड़ियों को मिल रही प्रेरणा
अजित नाग के चयन से झारखंड के रग्बी खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
झारखंड में रग्बी खेल को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों के बीच अजित नाग की यह उपलब्धि राज्य के लिए गौरव का विषय है।
झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ने दी बधाई
खूंटी के स्टार रग्बी खिलाड़ी अजित नाग के भारतीय टीम में चयन पर झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु कुमार जलान, उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, महासचिव हेजाज असदक एवं कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता सहित विभिन्न जिला रग्बी संघों के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अजित नाग एशिया रग्बी अमीरात अंडर-18 चैम्पियनशिप में अपने शानदार प्रदर्शन से भारत एवं झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
