शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का आगाज, रोमांचक मुकाबलों के बीच संत जेवियर कॉलेज मांडर और लोयो क्वार्टर फाइनल में

Football Tournament:  रांची में मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा खेल मैदान में मंगलवार को शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का भव्य आगाज हुआ।

शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट के पहले दिन कुल 6 मुकाबले खेले गए।

मैदान में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने भी मुकाबलों का जमकर आनंद लिया।

टूर्नामेंट का उद्घाटन खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी ने फुटबॉल को किक मारकर किया।

इससे पहले अतिथियों ने शहीद एतवा उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद डीएसपी सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।

उद्घाटन मुकाबला रिमझिम क्लब बांसजाड़ी और खूनी-11 के बीच खेला गया।

कड़े मुकाबले में खूनी-11 ने 1-0 से जीत दर्ज कर अगले राउंड में प्रवेश किया।

डीएसपी ने कहा- खिलाड़ियों का बढ़ाएं हौसला

मौके पर मुख्य अतिथि डीएसपी रामनारायण चौधरी ने कहा कि टूर्नामेंट में दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग मुकाबले देखने पहुंचते हैं।

उन्होंने दर्शकों से खेल भावना बनाए रखते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उन्होंने टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला देखा था, जिसमें हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे थे।

खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के अनुशासन की सराहना करते हुए डीएसपी ने कहा कि इस सकारात्मक माहौल को आगे भी बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब भी प्रशासन या पुलिस की जरूरत होगी, वे क्षेत्र के लोगों के साथ खड़े रहेंगे।

इन टीमों ने भी दर्ज की जीत

पहले दिन खेले गए अन्य मुकाबलों में संत जेवियर इंटर कॉलेज मांडर ने ट्राइब्रेकर में दर्श युवा विकास क्लब महुआजाड़ी को 4-3 से हराया।

वहीं हीरानागपुर संघ नारों ने राइजिंग स्टार क्लब परयागो को 3-1 से शिकस्त दी।

एक अन्य मुकाबले में जय मसीह गिरजाटोली लोयो ने अरविंद ब्रदर्स हुरहुरी को 5-3 गोल से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।

दूसरे राउंड में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे।

संत जेवियर कॉलेज मांडर ने खूनी-11 को ट्राइब्रेकर में 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

वहीं जय मसीह गिरजाटोली लोयो ने हीरानागपुर संघ नारों को 3-0 से हराकर अंतिम आठ में अपना स्थान पक्का किया।

आज पोखरटोली और 11-जेन जी के बीच मुकाबला

टूर्नामेंट के दूसरे दिन पहला मुकाबला एनएफसी पोखरटोली और 11-जेन जी के बीच खेला जाएगा।

टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ मुकाबलों का रोमांच भी बढ़ने की उम्मीद है।

आयोजन के दौरान रेफरी शाहिद परवेज के अलावा आयोजन समिति के संरक्षक पितरुस खलखो, लखो उरांव, मो. शकिब, मो. अबदुल, तारिक अंसारी, विनोद खलखो, रंजीत खलखो सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।