LSG vs DC in IPL Today:आईपीएल में आज दो दोस्तों के बीच बेहद ही अहम मुकाबला खेला जाना है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में ऋषभ पंत और अक्षर पटेल आमने-सामने होंगे।
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम कैसी है?
लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन बीते दो सीजन में बेहद खराब रहा है। लीग राउंड में ही लखनऊ को बाहर का रास्ता देखना पड़ा था।
हालांकि इस बार टीम बेहद संतुलित नज़र आ रही है। मिचेल मार्श, एडेन मार्करम सलामी बल्लेबाज के तौर पर किसी भी टीम की धज्जियां उड़ाने में माहिर हैं।
जोश इंग्लिस बेहद प्रभावशाली विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। निकोलस पूरन की आक्रामक बल्लेबाजी मैच का रूख कभी भी पलट सकती है।
लखनऊ में मोहम्मद शमी, आवेश खान, नॉर्खिया, मयंक यादव और मोहसिन खान जैसे तेज गेंदबाज हैं।
स्पिन गेंदबाजी की कमान वानिंदु हसरंगा और दिग्वेश राठी के जिम्मे होगी।
कप्तान पंत का फॉर्म बनी चिंता
लखनऊ के लिए कप्तान ऋषभ पंत की फॉर्म चिंता का विषय है। आईपीएल के 2025 के संस्करण में पंत का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था।
पंत को 27 करोड़ रूपये की भारी कीमत में खरीदने के बावजूद फ्रेंचाइजी निराश रही। पंत ने बीते सीजन में 14 पारियों में 1 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से महज़ 269 रन बनाये थे।
पंत का बल्लेबाजी औसत 24 से भी कम था और स्ट्राइक रेट 133 रहा था।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम कैसी है?
दिल्ली की टीम इस समय काफी संतुलित दिख रही है। अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने पिछले सीजन में अपनी बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ायी थी। उन्होंने 13 मैचों में 149 के स्ट्राइक रेट से 539 रन बनाये थे।
पृथ्वी शॉ को राहुल के सलामी जोड़ीदार के रूप में भेजा जा सकता है।
बल्लेबाजी में अभिषेक पोरेल, करुण नायर, समीर रिजवी और आशुतोष शर्मा बेहतरीन फॉर्म में हैं। वहीं ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर की खतरनाक बल्लेबाजी किसी भी गेंदबाज के सपने में डर लाने के लिए काफी है।
दिल्ली की गेंदबाजी की धार कैसी?
कप्तान अक्षर पटेल एक बेहतर ऑलराउंडर हैं। उनके साथ ही लोकल ब्वॉय विप्रज निगम भी बल्ले और गेंद दोनों से बेहतर खेल दिखा सकते हैं।
बायें हाथ के चायनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव स्पिन गेंदबाजी को धार देंगे।
तेज गेंदबाजी में काइल जैमीसन, टी. नटराजन, दुष्मंता चमीरा और लुंगी नगिदी के कंधे पर जिम्मेदारी होगी।
क्या कहते हैं रिकॉर्ड?
लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल में अब तक सात मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से दिल्ली ने 4 और लखनऊ ने 3 मुकाबले अपने नाम किये हैं।
दोनों ही टीमें अब तक आईपीएल का खिताब नहीं जीत पायी हैं। ऐसे में अक्षर और पंत चाहेंगे कि टीम को खिताब की दहलीज तक पहुंचाया जाये।
क्या कहता है इकाना स्टेडियम?
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 22 मैच खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 9 मैच जीते हैं। जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 12 मुकाबले अपने नाम किया है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल पाया था।
अक्षर और पंत की दोस्ती है मजबूत
अक्षर पटेल और ऋषभ पंत की दोस्ती बहुत मशहूर है। मैच खेलने के अलावा भी दोनों अक्सर साथ में समय बिताते देखे गये हैं। दोनों ने टीम इंडिया के साथ दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक साथ काफी मैच खेला है। हालांकि एक-दूसरे के खिलाफ खेलने के दौरान अब तक अक्षर का पलड़ा ही भारी रहा है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
लखनऊ सुपर जाएंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, एनरिच नॉर्त्जे, मोहम्मद शमी, आवेश खान, मयंक यादव, दिग्वेश राठी।
दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), पाथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, आशुतोष शर्मा, विपरज निगम, औकिब नबी, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी।
