बुमराह के सामने दिल्ली कैपिटल्स के टॉप ऑर्डर की अग्निपरीक्षा, आमने सामने होगी मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स

IPL 2026 MI Vs DC: आईपीएल में आज दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाने हैं। पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा।

मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स ने अपना पहला मुकाबला जीता है। ऐसे में दोनों टीमों का मनोबल ऊंचा है। लेकिन दिल्ली के सामने उसकी बल्लेबाजी चिंता का विषय है।

पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ दिल्ली का टॉप ऑर्डर बिखर गया था।

केएल राहुल, नीतीश राणा और पथुम निसांका और अक्षर पटेल जैसे बल्लेबाज बेहतर खेल नहीं दिखा पाये थे।

हालांकि समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर जीत ज़रूर दिला दी थी।

हालांकि पहले मैच में दिल्ली की गेंदबाजी बेहद संतुलित नज़र आयी।

लुंगी एनगिडी, टी. नटराजन और मुकेश कुमार ने बेहतर गेंदबाजी की।

जबकि कुलदीप और अक्षर की फिरकी गेंदबाजी ने बल्लेबाजों को नियंत्रण में रखा।

इधर मुंबई इंडियंस ने भी इस सीजन की शुरूआत बड़े शानदार अंदाज़ में की थी।

रोहित शर्मा (78) और रियान रिकल्टन (81) की सलामी जोड़ी ने 148 रनों की शानदार शुरूआत दी थी।

वहीं सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या किसी भी गेंदबाज की धज्जियां उड़ाने का माद्दा रखते हैं।

गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट औऱ शार्दुल ठाकुर की स्विंग गेंदें बल्लेबाज को खुलकर खोलने से रोकती हैं।

दोनों टीमों के खिलाड़ियों के रिकॉर्ड

जसप्रीत बुमराह ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सबसे ज़्यादा 30 विकेट लिये हैं।

अक्षर पटेल आईपीएल में 2000 रन बनाने से सिर्फ 84 रन दूर हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विराट कोहली (1154 रन) के बाद रोहित शर्मा ने सबसे ज़्यादा 1057 रन बनाये हैं।

मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग 12

रियान रिकल्टन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, रदरफोर्ड, शार्दुल ठाकुर, अल्लाह गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मार्कडे, जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव।

दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग 12

केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), पाथुम निसांका, ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी. नटराजन और समीर रिजवी।