India Vs Srilanka Test: कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बारिश ने एक बार फिर मुकाबले का रोमांच रोक दिया।
खराब मौसम और बारिश के कारण दिन का खेल समय से पहले समाप्त करना पड़ा। हालांकि, खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है और श्रीलंका के सामने अब भी फॉलोऑन बचाने की चुनौती है।
भारत ने अपनी पहली पारी 503 रन पर 9 विकेट के स्कोर पर घोषित की थी।
इसके जवाब में श्रीलंका ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 265 रन पर 8 विकेट बना लिए हैं।
यानी मेजबान टीम अभी भारत से 238 रन पीछे है और फॉलोऑन से बचने के लिए उसे कम से कम 39 रन और बनाने होंगे।
श्रीलंका की ओर से सोनल दिनुषा ने एक बार फिर शानदार जुझारूपन दिखाया।
उन्होंने नाबाद 85 रन बनाकर भारतीय गेंदबाजों को लंबे समय तक परेशान किया।
दिनुषा का साथ लाहिरू कुमारा दे रहे हैं, जो दिन का खेल खत्म होने तक 8 रन बनाकर नाबाद हैं।
दोनों के बीच नौवें विकेट के लिए 35 रन की अहम साझेदारी हो चुकी है।
इससे पहले पासिंदु सोरियाबंदर ने भी 80 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
कृष्णा और सुथार की शानदार गेंदबाजी
भारतीय गेंदबाजों में प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने 3-3 विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ी।
रविंद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज ने भी 2 बल्लेबाजों को आउट किया।
तीसरे दिन कुल 98 ओवर में से सिर्फ 80.4 ओवर का ही खेल संभव हो सका।
लगातार बारिश और मैदान गीला होने के कारण भारतीय टीम श्रीलंका की पारी को समेटने का पूरा मौका नहीं पा सकी।
अब सबसे बड़ा सवाल चौथे दिन को लेकर है।
अगर भारत शुरुआती ओवरों में श्रीलंका के बचे हुए दोनों विकेट हासिल कर लेता है, तो टीम फॉलोऑन लागू करने पर विचार कर सकती है।
भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने भी संकेत दिया है कि बारिश के कारण बचे हुए समय को देखते हुए भारत फॉलोऑन का विकल्प खुला रखेगा।
यानी कोलंबो टेस्ट में भारत की नजर अब सिर्फ श्रीलंका को ऑलआउट करने पर नहीं, बल्कि बारिश से बचे सीमित समय में मैच को निर्णायक स्थिति तक पहुंचाने पर भी है। वहीं श्रीलंका के लिए पहला लक्ष्य किसी भी तरह फॉलोऑन बचाना होगा
