राज्यसभा चुनाव में आरजेडी उम्मीदवार पर संकट के बादल, बिना नंबर के भी तेजस्वी जीत के प्रति आश्वस्त

Tejashwi confident of victory in Rajyasabha Election: बिहार में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी पूरे शबाब पर है। सभी पार्टियां और गठबंधन अपने-अपने प्रत्याशी के जीत के दावे कर रहे हैं। बिहार में 5 राज्यसभा की सीटों पर चुनाव होना है। एनडीए ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है जबकि महागठबंधन की ओर से आरजेडी ने एक प्रत्याशी उतारा है।

एनडीए सभी पांचों सीटों पर जीत का दावा कर रही है। वहीं महागठबंधन भी अपने प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए रणनीति बना रहा है। इसी क्रम में महागठबंधन की बैठक पटना में बुलायी गयी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में हुई इस बैठक में एआईएमआईएम (AIMIM) के विधायक नहीं पहुंचे। वहीं कांग्रेस के भी तीन विधायक बैठक से नदारद रहे।

क्या है जीत का समीकरण

राज्यसभा चुनाव में एक प्रत्याशी को जीत के 41 वोटों की ज़रूरत होती है। एनडीए के संख्या बल के हिसाब से 4 प्रत्याशियों की जीत तय है। जबकि पांचवे प्रत्याशी के लिए 38 वोट है, यानी 3 वोटों की कमी है।

महागठबंधन के पास 36 विधायक हैं। अगर बहुजन समाज पार्टी के 1 और एआईएमआईएम के 5 विधायकों का समर्थन मिल जाये तो संख्या बल 41 पहुंच जायेगा। ऐसी परिस्थिति में आरजेडी के एक प्रत्याशी की जीत तय है।

तेजस्वी यादव का दावा

बैठक के बाद तेजस्वी यादव बहुत ज़्यादा आश्वस्त नज़र आये। जब उनसे पूछा गया कि क्या 41 विधायकों का इंतज़ाम हो गया है। इसपर उन्होंने कहा कि संख्या बल है तभी तो चुनाव लड़ रहे हैं।

एआईएमआईएम का क्या है रूख

पार्टी के विधायक दल के नेता अख्तरूल ईमान का कहना है कि उन्हें महागठबंधन की बैठक में नहीं बुलाया गया था। साथ ही उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी गठबंधन या दल की तरफ से उनकी पार्टी से संपर्क नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि हमलोग समाजवादी विचार के लोग हैं और घमंडी या अडिग नहीं हैं।

किनका-किनका कार्यकाल हो रहा समाप्त

प्रेमचंद गुप्ता, अमरेंद्रधारी सिंह, रामनाथ ठाकुर, हरिवंश और उपेंद्र कुशवाहा का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है।

कौन-कौन हैं राज्यसभा उम्मीदवार

बीजेपी की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार

जेडीयू की तरफ से सीएम नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर

उपेन्द्र कुशवाहा को भी बनाया गया है प्रत्याशी

आरजेडी की तरफ से एडी सिंह हैं प्रत्याशी