Vehicle checking drive in Ranchi: रांची जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा एवं नियमों के पालन पर जोर दे रही है। इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह अभियान तुपुदाना, दलादली, रातु, रिंग रोड और कांके रोड में चलाया गया।
इस दौरान करीब 176 वाहनों की जांच की गयी। जांच के दौरान गड़बड़ी पाये जाने के बाद 3 लाख 61 हज़ार 751 रूपये का चालान काटा गया।
रांची के डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन का हर संभव प्रयास है कि रांची की सड़कें सुरक्षित, प्रदूषण मुक्त और व्यवस्थित रहे।
यह विशेष अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, ओवरलोडिंग रोकने, प्रदूषण नियंत्रण तथा अवैध परिवहन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से किया गया था।
जिला प्रशासन लगातार चला रहा अभियान
रांची शहर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते यातायात, दुर्घटनाओं की संभावना और नियमों की अनदेखी के मद्देनजर जिला प्रशासन समय-समय पर ऐसे सघन जांच अभियान चला रहा है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने हाल ही में सड़क सुरक्षा माह एवं अन्य यातायात संबंधी बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोई ढील नहीं बरती जाएगी। यह जांच अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
टीम ने निम्नलिखित दस्तावेज़ों एवं नियमों की बारीकी से जांच की-
– मोटर वाहन कर (टैक्स) का भुगतान स्थिति
– वैध फिटनेस प्रमाण पत्र
– वाहनों का बीमा (इंश्योरेंस)
– प्रदूषण अंतर्गत प्रमाण पत्र (PUC) की वैधता
– आवश्यक परमिट (परिवहन/राष्ट्रीय/स्थानीय)
– चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस
– ओवरलोडिंग की स्थिति
– अन्य यातायात नियमों (जैसे हेलमेट, सीट बेल्ट, स्पीड लिमिट आदि) का अनुपालन
जांच के दौरान 02 वाहनों को जब्त भी किया गया। जिसमें 01 वाहन रातु थाना क्षेत्र जबकि दूसरा वाहन कांके थाना क्षेत्र में जब्त किया गया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जांच अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि “सड़कें सभी की साझा संपत्ति हैं। नियमों का पालन न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए भी अनिवार्य है। हमारा प्रयास है कि रांची की सड़कें सुरक्षित, प्रदूषण मुक्त एवं सुव्यवस्थित रहें। ऐसे अभियान नियमित एवं आकस्मिक रूप से जारी रहेंगे।”
सभी वाहन चालकों, मालिकों एवं परिवहन संचालकों से अपील की जाती है कि
– अपने वाहनों के सभी दस्तावेज़ सदैव पूर्ण, वैध एवं अद्यतन रखें।
– ओवरलोडिंग, बिना PUC, बिना बीमा/लाइसेंस के वाहन चलाने से बचें।
– यातायात नियमों (स्पीड, हेलमेट, सीट बेल्ट, नो ड्रिंकिंग आदि) का सख्ती से पालन करें।
नियमों का उल्लंघन न केवल भारी आर्थिक दंड का कारण बनता है, बल्कि दुर्घटनाओं, जनहानि एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है।
