Yogasan Sports Stars honored: रोटरी क्लब ऑफ रांची और योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को योगासन स्पोर्ट्स के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
रांची क्लब परिसर स्थित रोटरी भवन में आयोजित सम्मान समारोह का उदघाटन वरिष्ठ आईएएस और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के पदाधिकारी शशि प्रकाश झा, सीआरपीएफ के डीआईजी डीएन लाल, क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, योगासन स्पोर्ट्स झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने किया।
इस अवसर पर योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी, सचिव चंदू कुमार, कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह और मुख्य सलाहकार विपिन पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने पदक विजेताओं को मोमेंटो शॉल और पौधा देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा चित्रा साहा, आकांक्षा कुमारी, पम्मी कुमार, चंदू कुमार, डॉ संतोषी साहू को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि शशिप्रकाश झा ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल एक खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का सशक्त आधार है। आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में योग केवल शरीर को लचीला बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि मन को स्थिर और विचारों को स्पष्ट करने की शक्ति भी देता है।
विशिष्ट अतिथि डीएन लाल ने कहा कि वर्दी हो या खेल का मैदान, सफलता का मूल मंत्र धैर्य, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही होता है।
दबाव के क्षणों में वही व्यक्ति आगे निकलता है जिसने स्वयं पर नियंत्रण सीखा हो।
खिलाड़ियों की मेहनत मेडल से कहीं बड़ी होती है, क्योंकि उसके पीछे वर्षों का संघर्ष छिपा होता है। हर उपलब्धि एक नई जिम्मेदारी भी लेकर आती है।
क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि सम्मान केवल उपलब्धि का नहीं, बल्कि उस संघर्ष, समर्पण और निरंतर प्रयास का भी होता है जो सफलता तक पहुंचाता है।
स्वर्ण पदक विजेता रोशन थापा सम्मानित
सम्मानित होने पर रोशन थापा ने भावुक होकर कहा कि भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना मेरे जीवन के सबसे गौरवपूर्ण क्षणों में से एक है।
यह उपलब्धि एक दिन की मेहनत का नहीं, बल्कि वर्षों के अनुशासन, संघर्ष और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
हर चुनौती ने मुझे और मजबूत बनाया तथा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
आज मिला यह सम्मान मेरे लिए नई ऊर्जा और बड़ी जिम्मेदारी दोनों लेकर आया है।
मेरा सपना है कि आने वाले समय में योगासन स्पोर्ट्स में भारत को विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाऊं।
मंच संचालन एसके घोषाल ने किया। समारोह में प्रवीण राजगढ़िया, क्लब उपाध्यक्ष शालिनी सिंघानिया, डॉ अनिल पांडेय, जयदीप सिंह, विनोद कुमार, करुणा राजगढ़िया, प्रशांत सिंह, एसके घोषाल, आम्या अंशु, पूजा सिंह, राहुल रंजन, शंकर राणा, उषा शर्मा, गुड़िया सोनी, मनीषा कुमारी, देव नंद, अनिष्का शिवराज, आरती पांडेय उपस्थित थे।
रोशन ने योगासन चैंपियनशिप में भारत के लिए जीता गोल्ड
रोशन थापा जैप-1 रांची में प्रतिनियुक्त आईआरबी लातेहार के जवान हैं।
मूल रूप से वे नेपाल के बरेली (लुम्बिनी के निकट) के निवासी हैं।
वर्ष 2019 में उन्होंने योगासन स्पोर्ट्स की शुरुआत की और अपनी मेहनत, अनुशासन तथा समर्पण से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।
उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
वर्ष 2026 में प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में ट्रेडिशनल इंडिविजुअल योगासन (सीनियर बी पुरुष वर्ग) में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया।
अंतरराष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने झारखंड और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
