दिव्यांग को मिली खुशी तो अंचल अधिकारी को मिली फटकार, कुछ ऐसा रहा रांची डीसी का जनता दरबार

Ranchi DC public court: रांची जिला समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार संवेदनशीलता का मिसाल बना।

जिला प्रशासन ने बिरसा चौक निवासी दिव्यांग पंकज कुमार की समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराया गया  इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल दिया।

अपनी मां के साथ जनता दरबार पहुंचे पंकज कुमार को विश्वास नहीं हो रहा था कि उनकी फरियाद पर इतनी शीघ्र सुनवाई होगी।

ट्राई साइकिल मिलने के बाद पंकज और उनके परिजनों ने माननीय मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

सोनाहातू अंचल अधिकारी को कड़ी फटकार

जनता दरबार में सोनाहातू अंचल निवासी प्रकाश कुमार महतो ने नीमडीह मौजा स्थित अपनी जमीन के पंजी-2 में सुधार नहीं किये जाने की शिकायत दर्ज करायी।

आवेदक ने बताया कि वे लंबे समय से कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोनाहातू अंचल अधिकारी को कड़ी फटकार लगायी तथा निर्देश दिया कि आवेदन का जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाये।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध प्रपत्र-क गठित की जायेगी।

म्यूटेशन लंबित को लेकर कार्रवाई का निर्देश

शहर अंचल निवासी हरि प्रसाद चक्रवर्ती ने सक्सेशन म्यूटेशन से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि एलआरडीसी के आदेश के बावजूद अब तक उनका म्यूटेशन नहीं किया गया है।

इस पर उपायुक्त ने तत्काल शहर अंचल अधिकारी से बात कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अधिग्रहित भूमि के मुआवजा मामले में मांगी रिपोर्ट

जनता दरबार में बेड़ो निवासी तेतरु उरांव ने अधिग्रहित भूमि के एवज में मुआवजा राशि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज करायी।

मामले पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने भू-अर्जन कार्यालय से मुआवजा भुगतान की अद्यतन स्थिति की जानकारी मांगी।

भू-माफियाओं के अवैध कब्जे पर सख्त निर्देश

जनता दरबार में कई आवेदकों ने भू-माफियाओं के माध्यम से जमीन पर अवैध कब्जा किये जाने की शिकायतें की।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने राजस्व कार्यालय एवं सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ऐसे मामलों में त्वरित जांच एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिये।