झारखंड के 3 खिलाड़ियों ने नेपाल में रचा इतिहास, वर्ल्ड मिक्स बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीत बढ़ाया भारत का मान

World Mixed Boxing Championship: नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित 3rd World Mix Boxing Championship 2026 का समापन हो गया।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन के तीन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम कर झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे भारत का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में 11 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

झारखंड के 3 खिलाड़ियों ने जीता गोल्ड

प्रतियोगिता में झारखंड के 3 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा जमाया।

पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में अंश कुमार सिंह,  तेजस्वी कुमार और रोनिका राशि शामिल हैं।

झारखंड के इन तीनों खिलाड़ियों का चयन पिछले वर्ष दिसंबर 2025 में आयोजित 6th National Mix Boxing Championship में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया था।

चयन के बाद से ही खिलाड़ियों ने अपने कोच के मार्गदर्शन में लगातार कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास किया।

उनकी इसी मेहनत और समर्पण का परिणाम आज विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक के रूप में सामने आया।

झारखंड बॉक्सिंग में खुशी की लहर

विश्व स्तर पर मिली इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे झारखंड में खुशी की लहर है।

खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची हो, तो विश्व मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।

इन खिलाड़ियों की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद झारखंड की विजेता टीम 4 अगस्त को रांची वापस पहुंचेगी।

रांची आगमन पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जायेगा।

झारखंड मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद इबरार कुरैशी ने कहा कि यह जीत केवल तीन खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और भारत के लिए गर्व का क्षण है।

उन्होंने खिलाड़ियों, कोच और सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में झारखंड के और भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।