Under-20 World Athletics: विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में भारत के 19 वर्षीय धावक मोहम्मद अशफाक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया।
अशफाक ने पहले दौर की हीट-5 में 45.81 सेकेंड का समय निकालते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
इसके साथ ही उन्होंने अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड 46.05 सेकेंड तोड़ दिया।
हीट-5 में अमेरिका के जेडन डी लियोन 45.63 सेकेंड के समय के साथ पहले स्थान पर रहे, जबकि अशफाक दूसरे स्थान पर रहकर अगले दौर में पहुंच गए। भारतीय एथलेटिक्स के लिए यह प्रदर्शन भविष्य की बड़ी उम्मीद माना जा रहा है।
पीयूष राज नहीं बना सके जगह
भारत के एक अन्य धावक पीयूष राज ने हीट-6 में 47.78 सेकेंड का समय लिया, लेकिन पांचवें स्थान पर रहने के कारण वह सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।
अमानत कंबोज ने डिस्कस थ्रो फाइनल में बनाई जगह
महिलाओं की चक्का फेंक (डिस्कस थ्रो) स्पर्धा में भारत की अमानत कंबोज ने 53.24 मीटर का थ्रो करते हुए फाइनल में जगह बनाई।
उनका प्रदर्शन भारतीय दल के लिए एक और सकारात्मक खबर रहा।
ऊंची कूद में बसंत का शानदार प्रदर्शन
पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में बसंत ने 2.14 मीटर की सफल छलांग लगाकर पांचवें स्थान के साथ फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं भारत के अंबरीश 2.05 मीटर की ऊंचाई पार कर 12वें स्थान पर रहे और प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
अंशु, तनु और अमित का अभियान समाप्त
महिलाओं की गोला फेंक स्पर्धा में अंशु ने 15.24 मीटर का थ्रो किया, लेकिन नौवें स्थान पर रहने के कारण फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में तनु चौधरी अपनी हीट में पांचवें स्थान पर रहीं और सेमीफाइनल में पहुंचने से चूक गईं।
पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में अमित कुमार अंतिम स्थान पर रहे और उनका अभियान भी पहले दौर में समाप्त हो गया।
त्रिकूद में भी नहीं मिली सफलता
पुरुषों की त्रिकूद (ट्रिपल जंप) स्पर्धा में भारत के पी. रॉयशन और धनुष राज फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।
भारत की उम्मीदें बरकरार
विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में मोहम्मद अशफाक का राष्ट्रीय रिकॉर्ड और सेमीफाइनल में प्रवेश भारतीय दल के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि रही। वहीं बसंत और अमानत कंबोज ने भी फाइनल में जगह बनाकर पदक की उम्मीदों को जीवित रखा है।
