World Badminton Championships 2026: 17 अगस्त से नई दिल्ली में शुरू होने जा रही विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के लिए ड्रॉ घोषित कर दिया गया है।
भारतीय खिलाड़ियों के लिए ड्रॉ काफी हद तक अनुकूल माना जा रहा है। खासकर दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु, स्टार शटलर लक्ष्य सेन और पुरुष युगल की शीर्ष जोड़ी सात्विक साईराज रंकी रेड्डी-चिराग शेट्टी को शुरुआती दौर में अपेक्षाकृत आसान मुकाबले मिले हैं।
भारत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पांचों वर्गों पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल में दो-दो खिलाड़ियों या जोड़ियों के साथ उतर रहा है।
ऐसे में भारतीय बैडमिंटन प्रेमियों को शानदार प्रदर्शन और पदकों की उम्मीद है।
पीवी सिंधु का सेमीफाइनल तक आसान रास्ता
विश्व चैंपियनशिप में अब तक पांच पदक जीत चुकी अनुभवी भारतीय स्टार पीवी सिंधु अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ करेंगी।
ड्रॉ के अनुसार सिंधु का रास्ता सेमीफाइनल तक अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है, जिससे उनके एक और पदक जीतने की उम्मीद बढ़ गई है।
महिला एकल में भारत की दूसरी खिलाड़ी उन्नति हुड्डा पहले दौर में म्यांमार की थेट टार हुजार से भिड़ेंगी।
शटलर लक्ष्य सेन को भी राहत
पुरुष एकल में भारत के शीर्ष खिलाड़ी लक्ष्य सेन को भी शुरुआती दौर में अनुकूल ड्रॉ मिला है।
वहीं युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी को पहले ही दौर में चीन के मजबूत खिलाड़ी शी यु का सामना करना होगा, जो उनके लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।
सात्विक-चिराग पर रहेगी नजर
पुरुष युगल में भारत की सबसे सफल जोड़ी सात्विक और चिराग पहले दौर में ऑस्ट्रिया की जोड़ी के खिलाफ कोर्ट पर उतरेंगे।
वहीं हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड की जोड़ी के खिलाफ करेगी।
महिला युगल में भी अच्छी शुरुआत की उम्मीद
महिला युगल में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी की जोड़ी पहले दौर में स्पेन की जोड़ी से भिड़ेगी।
दूसरी ओर त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी भी अपने पहले मुकाबले में स्पेन की एक अन्य जोड़ी का सामना करेगी।
मिश्रित युगल में ध्रुव-तनिषा को मिला बाई
मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी को पहले दौर में बाई मिला है, जिससे उन्हें सीधे दूसरे दौर में प्रवेश मिलेगा।
वहीं रोहन कपूर और रुत्विक शिवानी की जोड़ी कनाडा की जोड़ी के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।
नई दिल्ली में आयोजित होने वाली इस विश्व चैंपियनशिप में घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच भारतीय खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन और कई पदकों की उम्मीद की जा रही है।
