छात्रों के आंदोलन पर झारखंड कांग्रेस ने छात्रों को किया सचेत, विपक्ष पर लगाया राजनीतिक रोटी सेंकने का आरोप

Jharkhand Congress on Students: झारखंड छात्र आंदोलन और मुख्यमंत्री आवास घेराव की घोषणा को लेकर झारखंड कांग्रेस कमेटी ने अपना रूख स्पष्ट किया है।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बिनय सिन्हा दीपू ने राज्य के युवाओं और छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं (JPSC/JSSC-CGL) में गड़बड़ी और अनियमितताओं को लेकर उठाए जा रहे मुद्दों पर अपनी राय रखी।

बिनय सिन्हा दीपू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी यह मानती है कि हमारे राज्य के युवा और छात्र देश का भविष्य हैं।

उनकी चिंताएं और उनका आक्रोश अस्वाभाविक नहीं है।

जब भी युवाओं के भविष्य और उनकी मेहनत पर कोई सवालिया निशान लगता है, तो उनका चिंतित होना पूरी तरह स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से छात्र हितों के साथ खड़ी रही है और युवाओं के संघर्ष को पूरी संवेदनशीलता के साथ महसूस करती है।

लोकतंत्र में हर नागरिक और छात्र को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन हमारा यह स्पष्ट मानना है कि टकराव, घेराव या उग्र प्रदर्शन किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।

संवाद के जरिये समाधान का रास्ता

कांग्रेस महासचिव ने छात्र नेताओं और युवाओं से आग्रह करते हुए कहा कि वे संवाद के रास्ते को अपनाएं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के दरवाजे हमेशा युवाओं के लिए खुले हैं।

एक मेज पर बैठकर बातचीत करने से ही हर जायज मांग का ठोस और सकारात्मक समाधान निकाला जा सकता है।

हमारी गठबंधन (JMM-Congress) सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध, संवेदनशील और जवाबदेह है।

यदि परीक्षा संचालन या प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार की कोई चूक या गड़बड़ी पाई गई है, तो सरकार उस पर पर्दा नहीं डालेगी।

पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष समीक्षा की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया गया, तो उस पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, हम यह भी अपील करते हैं कि कुछ राजनीतिक दल इस संवेदनशील मुद्दे पर केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने और छात्रों के कंधे पर रखकर बंदूक चलाने का प्रयास कर रहे हैं।

युवाओं के भविष्य पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

सरकार पूरी ईमानदारी और गंभीरता से समस्याओं के समाधान की दिशा में काम कर रही है, इसलिए छात्रों से भी अनुरोध है कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार के टकराव वाले कदमों से बचें।