गुजरात टाइटंस की राजस्थान पर रॉयल जीत, 77 रनों से हराकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर कब्ज़ा

IPL GT won over RR: आइपीएल में गुजरात टाइटंस ने जीत का चौका लगाते हुए प्लेऑफ की दिशा में एक कदम और बढ़ाया है।

गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स को उसके होम ग्राउंड जयपुर में 77 रनों से धोया।

गुजरात की ये लगातार चौथी जीत है और उसी के साथ टीम अंक तालिका में हैदराबाद के बाद दूसरे स्थान पर काबिज हो गया।

सीजन में पहली बार राजस्थान की कप्तानी कर रहे यशस्वी जायसवाल ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 229 रनों का पहाड़ खड़ा किया।

साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने शानदार शुरूआत करते हुए पहले विकेट की साझेदारी में 10.4 ओवर में ही 118 रन जोड़े।

साई सुदर्शन 55 रन बनाकर पैवेलियन लौट गये।

जोस बटलर 13 और जेसन होल्डर ने 7 रनों का योगदान दिया।

कप्तान शुभमन गिल अपना शतक पूरा नहीं कर पाये और 84 रनों के स्कोर पर ब्रिजेश शर्मा का शिकार बने।

इसके बाद वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने गेंदबाजों की पिटाई करते हुए आखिरी 11 गेंदों पर 24 रन जोड़ लिये।

राजस्थान की ओर से ब्रिजेश शर्मा सबसे ज़्यादा 2 विकेट चटकाये।

रविंद्र जाडेजा और यश पुंजा ने 1-1 विकेट लिये।

राशिद, होल्डर और रबाडा का कहर

230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम 16.3 ओवर में ही 152 रनों पर ऑल आउट हो गयी।

पारी की शुरूआत में वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों में ही 3 छक्के और 3 चौके के साथ 36 रन ठोंक दिये।

लेकिन अगली ही गेंद पर वे मोहम्मद सिराज का शिकार बने।

इसके बाद कप्तान यशस्वी जायसवाल भी 3 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर आउट हो गये।

इसके बाद थोड़े-थोड़े अंतराल पर विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा।

राजस्थान की ओर से सबसे ज़्यादा रविंद्र जाडेजा ने 38 रन बनाये।

गुजरात की ओर से राशिद खान ने अपनी फिरकी में 4 बल्लेबाजों को फंसाया। वहीं जेसन होल्डर ने 3 और रबाडा ने 2 बल्लेबाजों को पैवेलियन भेजा। सिराज के खाते में 1 विकेट आया।