IPL KKR Vs MI Match: कोलकाता के ईडन गार्डेन पर 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 4 विकेट से हरा दिया।
इस जीत के साथ ही कोलकाता प्लेऑफ की रेस में बरकरार है।
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता ने 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर ज़रूरी रन बना लिये।
मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी
अंजिक्य रहाणे ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
लेकिन KKR के गेंदबाजों के सामने MI के सभी नियमित बल्लेबाज बेबस नज़र आये।
सलामी बल्लेबाज रियान रिकल्टन और रोहित शर्मा सस्ते में पैवेलियन लौट गये।
उसके बाद नमन धीर, सूर्यकुमार यादव भी 41 रनों के कुल योग पर पैवेलियन लौट चुके थे।
कई मैचों के बाद मैदान में लौटे हार्दिक पांड्या के हाथों में मुंबई इंडियंस की कमान थी।
तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने पारी को संभालने की कोशिश ज़रूर की लेकिन गेंदबाजों के सामने दोनों बेबस नज़र आये।
दोनों ने बेहद ही धीमी बल्लेबाजी की और 15.2 ओवर में 95 रन के कुल स्कोर पर पैवेलियन लौट गये।
8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आये कॉर्बिन बॉश ने कुछ शॉट्स लगाकर मुंबई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
बॉश ने 18 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाये।
KKR की ओर से सौरभ दुबे, कैमरून ग्रीन और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट लिये, जबकि सुनील नरेन को 1 विकेट मिला।
कोलकाता नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी
मनीष पांडेय और पॉवेल की पारियों की बदौलत KKR ने आसान लक्ष्य को 19वें ओवर में प्राप्त कर लिया।
मनीष पांडेय ने सबसे ज़्यादा 45 रन बनाये और रोवमैन पॉवेल ने 40 रनों का योगदान दिया।
मुंबई के गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने हालांकि 3 विकेट ज़रूर लिये लेकिन 10 के इकॉनोमी से रन भी पिटवाये।
दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह और गजफनर को 1-1 विकेट मिला।
हार्दिक की कप्तानी टांय-टांय फिस्स
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस टीम का बुरा हाल है।
पिछले सीजन में भी MI की टीम फिसड्डी साबित हुई थी।
इस बार भी टीम अंक तालिका में नीचे से दूसरे स्थान पर है।
पूरे प्रतियोगिता में हार्दिक ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर पाये हैं और न ही गेंदबाजी।
कई मौकों पर उनके कप्तान के रूप में लिये गये फैसलों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अंजिक्य रहाणे का सौतेला व्यवहार
झारखंड के उभरते सितारे अनुकूल रॉय कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के साथ हैं।
आईपीएल में अपने प्रदर्शन से उन्होंने साबित किया है कि वो भविष्य में एक टीम इंडिया के लिए एक मजबूत खिलाड़ी साबित होंगे।
रहाणे ने मैच की शुरूआत अनुकूल रॉय से करवाई।
पावर प्ले में पहला ओवर फेंकना हर किसी गेंदबाज के वश की बात नहीं होती है।
लेकिन अनुकूल ने कप्तान के इस फैसले को चुनौती की तरह स्वीकार किया और रियान रिकल्टन और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाज के सामने गेंदबाजी की।
अनुकूल के इस ओवर में महज 6 रन आये।
लेकिन इसके बाद रहाणे ने अनुकूल को गेंदबाजी नहीं दी।
जबकि इस मैच में कोलकाता की ओर से सबसे किफायती गेंदबाज अनुकूल ही रहे।
सुनील नरेन और वरूण चक्रवर्ती जैसे दिग्गज गेंदबाजों के साथ टीम में जगह बनाना ही बड़ी बात होती है।
ऐसे में अनुकूल रॉय प्लेइंग 11 में लगातार शामिल हैं, और KKR की स्पिन तिकड़ी बन गये हैं।
अंजिक्य के इस निर्णय पर और उनकी कप्तानी पर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं।
