Junior Squash Championship: युवा स्क्वैश खिलाड़ी आद्या बुधिया ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए हांगकांग जूनियर स्क्वैश ओपन 2026 में परचम लहराया है।
आद्या ने बालिका अंडर-17 वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया।
4 से 9 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में आद्या बुधिया (Aadya Budhia) ने लगातार पांच मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पूरे टूर्नामेंट में दिग्गज खिलाड़ियों को दी मात
आद्या बुधिया ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती का प्रदर्शन किया।
क्वालीफिकेशन के पहले दौर में उन्होंने हांगकांग की लाम यिन तुंग को 3-0 से हराया।
इसके बाद अंतिम 16 के मुकाबले में हांगकांग की टैंग का की को भी 3-0 से मात दी।
क्वार्टर फाइनल में आद्या बुधिया ने मकाऊ की काओ ची चेंग को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में उनका सामना टूर्नामेंट की शीर्ष वरीयता प्राप्त हांगकांग की लो पुई यिन क्लोई से हुआ।
बेहद रोमांचक मुकाबले में Aadya Budhia ने शानदार खेल दिखाते हुए 3-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में भी दिखाया दम
फाइनल मुकाबले में आद्या बुधिया के सामने हांगकांग की टैंग चिंग सम थीं।
कड़े मुकाबले में आद्या बुधिया ने दबाव के बीच भी संयम बनाए रखा।
आखिरकार शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत हासिल कर आद्या ने खिताब अपने नाम कर लिया।
आद्या बुधिया ने हांगकांग जूनियर स्क्वैश ओपन में अपने सभी 5 मुकाबले जीते।
इस तरह आद्या ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराकर आद्या ने देश के साथ राज्य का नाम भी रोशन किया।
आद्या बुधिया की इस सफलता में क्रॉस कोर्ट स्क्वैश अकादमी में उनके नियमित प्रशिक्षण, कड़ी मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
