Eid-ul-Adha: ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रांची के एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित संबंधित पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारी एवं महावीर मण्डल, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी, अंजुमन इस्लामिया, गुरुनानक समिति, पंजाबी हिंदू बिरादरी, रांची के सदस्य उपस्थित थे।
इस दौरान आगामी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित लोगों ने दिये सुझाव
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने बारी-बारी से अपने सुझाव रखे।
सदस्यों द्वारा पर्व के दौरान निगरानी, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये।
सदस्यों के सुझावों पर प्रशासन का कार्रवाई का भरोसा
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सभी सुझावों पर जिला प्रशासन गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी रांची में सभी पर्व-त्योहार शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए हैं, जिसमें केन्द्रीय शांति समिति, महावीर मण्डल, केन्द्रीय सरना समिति, रामनवमी श्रृंगार समिति, रांची चैती दुर्गा पूजा समिति, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी, अंजुमन इस्लामिया, गुरुनानक समिति अन्य सभी रामनवमी/ईद/सरहुल पर्व आयोजन समितियों एवं अखाड़ा समिति के सदस्यों का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग, समन्वय और सामूहिक प्रयास से आगामी त्योहार भी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होगा।
उपायुक्त ने कहा कि रांची को राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बनाना है।
इसके लिए सभी नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों तथा प्रशासन को मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
सोशल मीडिया पर प्रशासन की कड़ी निगरानी
उपायुक्त ने कहा कि आगामी पर्व के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी।
उन्होंने आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाहों पर प्रतिक्रिया देने से बचने और जिम्मेदार नागरिक का परिचय देते हुए ऐसी किसी भी सामग्री की जानकारी तुरंत पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पर्व के दौरान सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम- एसएसपी
बैठक के दौरान रांची एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सतर्कता के साथ कार्य करने की अपील की।
एसएसपी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी ज़मीनी तौर पर सक्रिय रहकर कार्य करें, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
उन्होंने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करने से नहीं चूकेगी।
बैठक के अंत में प्रशासन और सदस्यों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि सभी की धार्मिक भावनाओं का ख्याल रखते हुए पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाया जाएगा।
