रोमांचक मुकाबले में राजस्थान की रॉयल जीत, गुजरात टाइटंस 6 रनों से हारा

IPL 2026 Rajasthan Royals Vs Gujarat Titans: रविवार को आईपीएल में खेले गये दूसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने अपनी जीत का सिलसिला कायम रखते हुए गुजरात टाइटंस को 6 रनों से हरा दिया।

आखिरी ओवर तक खींचे मुकाबले में गुजरात की टीम पर राजस्थान भारी पड़ी।

आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिए 11 रनों की दरकार थी। लेकिन तुषार देशपांडे की शानदार गेंदबाजी ने गुजरात को हार के लिए मजबूर कर दिया।

गुजरात के नियमित कप्तान शुभमन गिल की तबियत खराब होने की वजह से वे मुकाबला नहीं खेल पाये। उनकी जगह राशिद खान ने कप्तानी का जिम्मा संभाला।

गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी

211 रनों का लक्ष्य हासिल करने उतरी गुजरात की शुरूआत शानदार रही। साईं सुदर्शन और कुशाग्र ने 8 ओवर में 78 रन जोड़े।

कुशाग्र के आउट होने के बाद उतरे जोश बटलर ने भी पारी को तेजी से आगे बढ़ाया।

लेकिन 107 रनों के योग पर साईं सुदर्शन का विकेट गिरने के बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते गये।

साईं सुदर्शन ने 44 गेंदों पर 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 73 रन बनाये।

कुशाग्र ने 18, वहीं बटलर ने 26 रनों का योगदान दिया।

राहुल तेवतिया और शाहरूख खान ने आक्रामक शुरूआत की लेकिन दोनों सस्ते में निपट गये।

14.5 ओवर में 161 रनों पर 7 विकेट गंवाने के बाद राशिद खान और कागिसो रबाडा ने मोर्चा संभाला।

दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19वें ओवर तक 200 रन बना लिये।

लेकिन आखिरी ओवर में जीत के लिए निर्धारित 11 रन बनाने में असफल रहे।

राशिद ने 16 गेंदो पर 24 और रबाडा ने 16 गेंदों पर 23 रन बनाये।

राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी

इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की टीम की शुरूआत भी अच्छी रही। यशस्वी और वैभव ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े।

वैभव 18 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हो गये।

यशस्वी ने 36 गेंदों पर 55 रनों का योगदान दिया।

उसके बाद उतरे ध्रुव जुरेल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाये।

उन्होंने 42 गेंदों पर 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 75 रन बनाये।