क्या भारतीय टीम कप पायेगी 51 साल का सूखा, हॉकी वर्ल्ड कप के भारतीय योद्धा हैं तैयार

Hockey World Cup India: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन नीदरलैंड और बेल्जियम में हो रहा है।

इस प्रतियोगिता में भारतीय पुरूष टीम अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार है।

इस बार की भारतीय पुरूष टीम अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संतुलित मिश्रण वाली है।

यह टीम इस बार इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

भारतीय प्रशंसकों की सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि टीम 51 वर्षों से चले आ रहे विश्व कप खिताब के इंतजार को खत्म करे और एक बार फिर विश्व हॉकी की बादशाहत हासिल करे।

भारत ने अपना पहला और अब तक का इकलौता हॉकी विश्व कप खिताब 1975 में कुआलालंपुर (मलेशिया) में जीता था।

उस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम कई बार सेमीफाइनल और क्वार्टर फाइनल तक पहुंची, लेकिन ट्रॉफी दोबारा अपने नाम नहीं कर सकी।

ऐसे में इस बार घोषित स्क्वाड पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

अनुभवी के साथ युवा खिलाड़ियों का मिश्रण

टीम चयन में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ उन युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है, जिन्होंने पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।

पेरिस ओलंपिक में भारत को लगातार दूसरा कांस्य पदक दिलाने वाले हरमनप्रीत सिंह को टीम की कमान सौंपी गयी है।

वहीं टोक्यो ओलंपिक में भारत को कांस्य दिलाने वाले मनप्रीत सिंह मिडफील्ड संभालेंगे।

गोलकीपिंग, डिफेंस, मिडफील्ड और फॉरवर्ड लाइन को संतुलित रखने की कोशिश की गई है, ताकि टीम हर विभाग में मजबूत नजर आए।

भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी तेज गति, फिटनेस और आक्रामक खेल शैली मानी जा रही है।

पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञों की मौजूदगी, मजबूत डिफेंस और तेज काउंटर अटैक टीम को किसी भी मजबूत प्रतिद्वंदी के खिलाफ बढ़त दिला सकते हैं।

बड़ी टीमों के खिलाफ सबसे बड़ी चुनौती

भारतीय टीम पूल-D में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ है।

इस ग्रुप के शुरूआती सभी मैच नीदरलैंड और एम्सटेलवीन में होंगे।

ग्रुप चरण के बाद के मैचों में ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, नीदरलैंड्स और जर्मनी जैसी दिग्गज टीमों के खिलाफ दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।

हाल के वर्षों में भारत ने एशियाई खेलों, प्रो लीग और ओलंपिक जैसे बड़े टूर्नामेंटों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।

इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और टीम प्रबंधन को भी उम्मीद है कि यह लय विश्व कप में भी जारी रहेगी।

कोच और चयनकर्ताओं ने ऐसे खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है जो बड़े मैचों का अनुभव रखते हैं और दबाव की परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। टीम का लक्ष्य सिर्फ नॉकआउट चरण तक पहुंचना नहीं, बल्कि फाइनल में जगह बनाकर 51 साल बाद विश्व कप ट्रॉफी भारत लाना है।

देशभर के हॉकी प्रशंसकों की उम्मीदें इस टीम से जुड़ी हैं।

अगर खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करने में सफल रहते हैं, तो भारतीय हॉकी के स्वर्णिम इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ सकता है।