Dhoni will play for CSK in IPL 2026: आईपीएल की शुरूआत होने वाली है। बस कुछ दिनों बाद ही रनों की बरसात बिखेरते दुनियाभर के खिलाड़ी दिखेंगे। लेकिन हर साल सभी को इंतज़ार एक ऐसे शख्स का रहता है जिसने भारतीय क्रिकेट को न केवल एक नयी दिशा दी बल्कि भारतीय टीम का सबसे सफल कप्तान भी बना।
जी हां, यहां बात हो रही है पूर्व भारतीय कप्तान और रांची के लाल महेन्द्र सिंह धौनी की। धौनी न सिर्फ भारतीय क्रिकेट के सबसे सफलतम कप्तान रहे हैं बल्कि वे आइपीएल में भी सफलतम कप्तान हैं। चेन्नई के लिए खेलते हुए उन्होंने कई मौकों पर इतिहास रचा है। ऐसे में एक बार फिर से उनके प्रशंसकों को इंतज़ार है कि माही मैदान में जलवा बिखेरते नज़र आयें।
तो माही इस बार चेन्नई सुपर किंग्स के साथ पूरे सीजन मैदान पर रहेंगे। इस बात का खुलासा टीम मैनेजमेंट ने कर दिया है। टीम मैनेजमेंट के मुताबिक धौनी पूरा आईपीएल सीजन खेलेंगे। हालांकि मैदान पर उनकी भूमिका क्या होगी यह फैसला टीम का कोचिंग स्टाफ करेगा।
टीम के मैनेजमेंट के अनुसार कोचिंग स्टाफ ही यह तय करेगा कि धौनी किस रूप में टीम के साथ रहें। वो एक बल्लेबाज, विकेटकीपर बल्लेबाज या इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में भी उतर सकते हैं।
संजू सैमसन भी CSK के साथ
धौनी टीम के साथ चेन्नई में जुड़ गये हैं और रोज अभ्यास कर रहे हैं। चेन्नई में टीम का ट्रेनिंग कैंप चल रहा है जिसमें धौनी हिस्सा हैं। पिछले सीजन में चेन्नई का प्रदर्शन दमदार नहीं रहा था। ऐसे में इस सीज़न में बेहतर खेल की उम्मीद की जा रही है।
इस बार टीम में विश्व विजेता संजू सैमसन भी शामिल हैं। संभावना है कि संजू विकेटकीपिंग कर सकते हैं।
संजू सैमसन और शिवम दुबे विश्व विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं जिनसे IPL में काफी उम्मीदें रहेंगी।
28 मार्च से आईपीएल की शुरूआत होने वाली है। सभी 10 टीम कमर कसकर तैयार हैं और टाइटल जीतने के लिए हर दमखम लगा रहे हैं।
