IPL GT beat RR: गुजरात टाइटंस की टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए आईपीएल के फाइनल में जगह बनायी।
राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से रौंदकर गुजरात ने तीसरी बार आईपीएल के फाइनल में जगह बनायी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है।
रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल का फाइनल मुकाबला खेला जायेगा।
वैभव के दम पर राजस्थान की पारी संभली
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले ही ओवर में सिराज ने यशस्वी को आउट कर बड़ा झटका दिया।
दूसरे ओवर में रबाडा ने इन फॉर्म बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को पैवेलियन भेज दिया।
इसके बाद उतरे रविंद्र जाडेजा और वैभव सूर्यवंशी ने पारी को संभाला।
जाडेजा के हाथ में चोट लगने की वजह से वे रिटायर्ड हर्ट हो गये।
उसके बाद कप्तान रियान पराग, दासुन शनाका और जोफ्रा आर्चर आया राम, गया राम हो गये।
एक छोर थामे वैभव ने धैर्यपूर्ण तेज बल्लेबाजी जारी रखी।
हालांकि 46 रनों के निजी स्कोर पर उनका कैच साईं सुदर्शन ने छोड़ दिया था।
एक बार फिर सूर्यवंशी शतक से चूके और 96 रनों के स्कोर पर रबाडा का शिकार बने।
आखिर में बल्लेबाजी करने उतरे डोनोवन फेरेरा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 11 गेंदों पर 38 रन ठोंककर राजस्थान को 200 के पार पहुंचाया।
रवींद्र जाडेजा ने नाबाद 45 रन बनाये।
कागिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट लिये, जबकि सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 विकेट मिला।
गिल-सुदर्शन की सफल जोड़ी ने दिलायी जीत
215 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने 18.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।
इस आईपीएल की सबसे सफल सलामी जोड़ी साईं सुदर्शन और शुभमन गिल ने जबरदस्त शुरूआत की।
दोनों ने राजस्थान के हर गेंदबाजों की पिटायी करते हुए 12.4 ओवर में ही 167 रन जोड़ दिये।
साईं सुदर्शन लगातार दूसरे मैच में हिट विकेट आउट हुए।
ब्रिजेश शर्मा की गेंद पर उन्होंने कट शॉट लगाया जो बाउंड्री के पार चला गया, लेकिन इस शॉट के दौरान ही उनका बल्ला उनके हाथों से छूटकर सीधा स्टंप्स पर जा गिरा।
सुदर्शन ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाये।
इसके बाद शुभमन गिल ने अपना शतक पूरा किया। हालांकि शतक के तुरंत बाद जोफ्रा की गेंद पर वे आउट होकर पैवेलियन लौट गये।
शुभमन गिल पहले कप्तान बन गये हैं जिसने प्लेऑफ में शतक जड़ा है।
गिल के आउट होने के समय टीम का स्कोर 15 ओवर में 182 रन था।
यहां से जीत सिर्फ एक औपचारिकता भर बची थी।
जीत के लिए 30 गेंदों में सिर्फ 32 रनों की ज़रूरत थी।
वाशिंगटन सुंदर तेजी से 16 रन बनाकर जीत का फासला और कम कर दिया।
उसके बाद राहुल तेवतिया और जोस बटलर ने जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।
मैच का संक्षिप्त स्कोर कार्ड
राजस्थान रॉयल्स बल्लेबाजी
वैभव सूर्यवंशी- 96 (47) {8*4, 7*6}
रविंद्र जाडेजा- 45* (35) {5*4, 1*6}
डोनोवन फेरेरा- 38* (11) {2*4, 4*6}
गुजरात टाइटंस गेंदबाजी
जेसन होल्डर- 2/27 (4)
कागिसो रबाडा- 2/35 (4)
मोहम्मद सिराज- 1/42 (4)
गुजरात टाइटंस बल्लेबाजी
शुभमन गिल- 104 (53) {15*4, 3*6}
साईं सुदर्शन- 58 (32) {8*4, 1*6}
राहुल तेवतिया- 17* (9) {2*4, 1*6}
राजस्थान रॉयल्स गेंदबाजी
नांद्रे बर्गर- 1/35 (4)
जोफ्रा आर्चर- 1/45 (4)
ब्रिजेश शर्मा- 1/44 (3.4)
