India Vs England Test Match: भारत और इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीमों के बीच चल रहे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने पहली पारी में 115 रनों की बढ़त बना ली है।
भारत ने पहली पारी में 285 रन बनाये थे जिसके जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 170 रनों पर सिमट गयी।
क्रांति गौड़ ने इंग्लैंड को बैकफुट पर ढकेला
मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड ने 1 विकेट के नुकसान पर 21 रनों से आगे खेलना शुरू किया।
लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने इंग्लैंड का टॉप ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया।
क्रांति गौड़ ने सबसे पहले माया बाउशियर को पैवेलियन भेजा।
उसके बाद सयाली ने इंग्लैंड के हीदर नाइट को आउट कर बड़ा झटका दिया।
इंग्लैंड को चौथा झटका एलिस कैप्सी के रूप में लगा जिन्होंने 9 रन बनाये।
क्रांति गौड़ ने कैप्सी को बोल्ड आउट कर दिया।
47 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद एमी जोन्स और सिवर ब्रंट ने पारी को कुछ हद तक संभाला।
दोनों ने पांचवे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की।
लेकिन 131 के कुल योग पर स्नेह राणा ने एमी जोन्स को आउट कर इंग्लैंड को एक और झटका दिया।
एमी जोन्स ने 62 गेंदों पर 6 चौके की मदद से 52 रन बनाये।
इसके तुरंत बाद नैट सिवर ब्रंट को क्रांति गौड़ ने आउट कर अपना चौथा विकेट लिया।
नैट सिवर ब्रंट ने 44 रनों का योगदान दिया।
इसके बाद कोई भी बल्लेबाज ज़्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाया, और पूरी टीम 170 रनों पर सिमट गयी।
भारतीय गेंदबाजों का रहा जलवा
पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
क्रांति गौड़ ने 5 विकेट झटके, जबकि सयाली सतघरे और स्नेह राणा ने 2-2 बल्लेबाजों को आउट किया।
ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को 1 विकेट मिला।
5 विकेट लेने के साथ ही क्रांति गौड़ टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट लेने वाली सबसे युवा भारतीय महिला तेज गेंदबाज बन गयीं।
दूसरी पारी में मजबूत शुरूआत
115 रनों की बढ़त लेने के बाद भारत ने की दूसरी पारी की मजबूत शुरूआत की।
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 88 रन जोड़े।
शेफाली 33 रन बनाकर पैवेलियन लौट गयीं।
वहीं स्मृति मंधाना ने इस टेस्ट मैच में अपना दूसरा अर्धशतक जमाया।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक स्मृति मंधाना 69 और यास्तिका भाटिया 39 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
टीम इंडिया की बढ़त अब 269 रनों की हो गई है।
