Special Intensive Review for Ranchi voters: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) एक मतदाता सत्यापन प्रक्रिया है।
इसका उपयोग मतदाताओं की पहचान सत्यापित करने और चुनावों के दौरान निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए किया जाता है।
इसमें गैर नागरिकों को नहीं शामिल किया जाता है। इसमें वैसे ही नागरिक होते हैं जो 18 वर्ष से अधिक आयु के हैं और अपने निर्वाचन क्षेत्र में निवास करते हैं।
इसी मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए रांची जिला प्रशासन तैयार है।
आगामी 6 और 7 जून को रांची के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया जायेगा जहां अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग सुनिश्चित की जायेगी।
इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बीएलओ सुपरवाइजर्स के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन और अनुमंडल पदाधिकारी, बुण्डू सहित बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा विशेष कैंप को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है और इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का सही एवं अद्यतन विवरण निर्वाचन नामावली में सुनिश्चित करना है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर 6 जून और 7 जून को सुबह 8 बजे से संध्या 4 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहेंगे।
इस दौरान जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त बीएलओ मतदाताओं की मैपिंग कार्य संपादित करेंगे।
बैठक में सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया गया कि वे अपने अधीनस्थ बीएलओ की नियमित निगरानी करें तथा सुनिश्चित करें कि विशेष कैंप के दौरान अधिक से अधिक अनमैप्ड मतदाता मैपिंग के लिए बूथों तक पहुंचें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी की सख्त चेतावनी
मंजूनाथ भजन्त्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीएलओ के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त प्रगति की समीक्षा भी की गई तथा शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बीएलओ सुपरवाइजरों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों का सत्यापन करें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
रांची जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के सभी अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण को गंभीरता से लें तथा 6 एवं 7 जून को अपने संबंधित मतदान केन्द्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करें और मैपिंग अवश्य कराएं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है।
प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा।
उन्होंने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे निर्धारित तिथि को अपने बूथ पर पहुंचकर निर्वाचन प्रक्रिया को सशक्त बनाने में सक्रिय योगदान दें।
