Home Guard recruitment efficiency test: युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए झारखंड में इन दिनों होमगार्ड भर्ती के लिए परीक्षा चल रही है।
इस दौरान पहले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है।
धनबाद में चल रही दक्षता परीक्षा को लेकर उपायुक्त आदित्य रंजन खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं।
चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरी प्रक्रिया की डिजिटल निगरानी की जा रही है।
धनबाद के उपायुक्त समेत जिला के अन्य वरीय पदाधिकारी बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हर एक गतिविधि पर नज़र बनाए हुए हैं।
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों तथा कर्मियों को निर्देशित किया है कि कोई भी अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले कर भीतर प्रवेश न करें।
डिजिटल निगरानी की व्यवस्था
परीक्षा केंद्र के हर कोने पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है।
साथ ही दौड़ और अन्य शारीरिक स्पर्धाओं की निरंतर वीडियोग्राफी कराई जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।
अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय बायोमेट्रिक हाजिरी और आधार सत्यापन अनिवार्य किया गया है।
इससे फर्जी अभ्यर्थियों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
दौड़ के सटीक समय के मापन के लिए RFID (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) चिप तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे परिणाम पूरी तरह त्रुटिहीन और पारदर्शी बने रहें।
परीक्षा स्थल पर जिला समादेष्टा (District Commandant) और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम लगातार मौजूद है, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रही है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि चयन केवल योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर होगा।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने अभ्यर्थियों को सचेत किया है कि वे किसी भी बिचौलिए या ठग के झांसे में न आएं।
किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना मिलने पर तुरंत इसकी सूचना केंद्र पर तैनात पुलिस बल या हेल्पडेस्क या कंट्रोल रूम को दें।
किसी भी प्रकार का फर्जीवाड़ा पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
