Free HPV Vaccine: ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV ) संक्रमण के खिलाफ लड़ने के लिए HPV टीकाकरण शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को तैयार करता है। यह एक ‘कैंसर-निवारक’ वैक्सीन है, जो वायरस के संक्रमण को होने से पहले ही रोकता है।
ये जानकारी धनबाद के सिविल सर्जन डॉक्टर आलोक विश्वकर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि 30 मार्च 2026 से जिले के सदर अस्पताल और सभी आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अभियान की शुरुआत होगी, जो 29 जून 2026 तक चलेगा।
इसमें जिले की 14 वर्ष से अधिक एवं 15 वर्ष से कम आयु की 31000 बच्चियों को टीका देने का लक्ष्य है।
उन्होंने इस आयु वर्ग की बच्चियों के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण टीका है, जो ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से बचाव करता है। यह वायरस सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) सहित अन्य जननांग कैंसर और मस्सों का मुख्य कारण है।
यह लड़कियों के लिए अत्यधिक अनुशंसित है और यौन रूप से सक्रिय होने से पहले लगवाना सबसे प्रभावी है। यह टीका शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को एचपीवी संक्रमण के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार करता है। यह एक ‘कैंसर-निवारक’ वैक्सीन (‘Cancer-Preventive’ Vaccine) है, जो वायरस के संक्रमण को होने से पहले रोकता है।
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के एसएमओ डॉक्टर दीपक कुमार ने बताया कि यह टीका बहुत सुरक्षित है और इसके साइड इफेक्ट्स बहुत कम या न के बराबर हैं। यह टीका एचपीवी संक्रमण होने के बाद काम नहीं करता है, इसलिए इसे यौन रूप से सक्रिय होने से पहले लगवाना ही हितकारी है।
टीका लगवाने के लिए यू-वीन पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना है। तत्पश्चात टीका लेने के लिए सदर अस्पताल या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आना है।
उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन काफी महंगा है। बाहर लगाने से इसके 2 डोज लेने पड़ते हैं। जबकि सरकार ने इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया है। 14 वर्ष से अधिक तथा 15 वर्ष से कम आयु की बच्चियों को टीका एक डोज लगाया जाएगा।
