Women took the driving seat in car rally: रांची में महिला सशक्तिकरण (women empowerment) और स्वास्थ्य जागरूकता (health awareness) का अनोखा संदेश देखने को मिला। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) के रांची चैप्टर द्वारा कैंसर और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से महिला कार रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में महिलाओं ने खुद ड्राइविंग सीट संभालकर समाज को सशक्तिकरण का संदेश दिया।
मौका था अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का… मोराबादी मैदान से निकली इस कार रैली को रांची की नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलखो ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 50 कारों की यह रैली मोराबादी मैदान से बूटी मोड़, कोकर चौक होते हुए कांके रोड स्थित प्रेमसंस मोटर्स तक पहुंची।
महिलाओं के हाथ में ड्राइविंग की कमान
रैली की खास बात यह रही कि सभी कारों की ड्राइविंग सीट महिलाओं के हाथों में थी, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बन गई।
इस मौके पर मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि महिलाएं जब घर की दहलीज से बाहर निकलती हैं तो वे समाज में बड़े बदलाव ला सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह रैली महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ समाज को जागरूक करने का भी एक बेहतरीन प्रयास है।
यह कार रैली जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) के रांची चैप्टर द्वारा आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में प्रेमसंस मोटर्स के सीएमडी एवं मुख्य प्रायोजक पुनीत पोद्दार सहित कई सह-प्रायोजकों ने भी भाग लिया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
कैंसर और थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता
जीतो महिला विंग की चेयरपर्सन सरोज जैन और चीफ सेक्रेटरी एकता बड़जात्या ने बताया कि यह रैली पूरे देश में एक ही समय पर आयोजित की गई। देश भर के करीब 90 चैप्टर की महिला विंग इस अभियान में शामिल हुईं। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य कैंसर और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
रैली का समापन कांके रोड स्थित प्रेमसंस मोटर्स परिसर में हुआ, जहां प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित भी किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में आभा भंडारी, रिंकी अजमेरा, रेखा कला, सीमा गंगवाल, मधु अजमेरा, कोमल पाटनी और मोनिका जैन सहित कई महिलाओं की अहम भूमिका रही।
महिला दिवस के मौके पर आयोजित यह कार रैली न सिर्फ उत्साह का प्रतीक बनी, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी दे गई।


