Reviews boating at all dams: जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे के बाद देश भर में शोक की लहर है।
इस तरह का हादसा फिर न हो इसके लिए ठोस कदम उठाये जा रहे हैं।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के सभी डैम एवं जलाशयों में नौका विहार परिचालन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
वाटर ट्रांसपोर्ट एक्शन ग्रुप का गठन
बैठक में जिला स्तर पर वाटर ट्रांसपोर्ट एक्शन ग्रुप गठन करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी अपातकालीन स्थिति या दुर्घटना में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह, जिला नौका विहार संचालक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
लिए गए प्रमुख निर्णय एवं सख्त निर्देश
- लाइफ जैकेट अनिवार्य: सभी पर्यटकों/यात्रीगण के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा। बिना लाइफ जैकेट के किसी भी व्यक्ति को बोटिंग कराने पर संबंधित बोट ऑपरेटर/संचालक पर कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया गया।
- मौसम की निगरानी: बोटिंग परिचालन के दौरान मौसम की स्थिति पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। प्रतिकूल मौसम में बोटिंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
- दण्डात्मक कार्रवाई: सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने या बिना सुरक्षा के नौका विहार कराने वालों पर सख्त दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- बोट की फिटनेस जांच: सभी संचालित नौकाओं का ऑयल फिटनेस सर्टिफिकेट (Oil Fitness Certificate) अनिवार्य रूप से जांचा जाएगा। बिना वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र वाली नौकाओं को परिचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- हेल्पलाइन बोर्ड:* सभी जलाशयों एवं बोटिंग स्थलों पर हेल्पलाइन नंबर वाले सूचना पट्ट (Information Boards) लगाए जाएंगे।
- नशापान पर पूर्ण प्रतिबंध: बोट ऑपरेटर्स द्वारा बोटिंग स्थल पर नशापान पूर्णतः निषिद्ध रहेगा। उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- सुरक्षा मानकों का पालन: सभी बोटिंग संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें।
जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले के डैम एवं जलाशयों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करते हुए भी किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
