Health check-up camp: सोना सोबरन मेमोरियल सोसायटी की ओर से शनिवार को रांची के मोरहाबादी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर (FREE HEALTH CHECKUP CAMP) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर का उद्देश्य समाज के लोगों विशेषकर 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना एवं गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
उपायुक्त ने आयोजन को बताया ज़रूरी
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अपने संबोधन में इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर समाज के स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही लोगों को समय रहते बीमारी की पहचान और उपचार का अवसर प्रदान करते हैं।
शिविर में कई तरह के जांच संपन्न
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने निःशुल्क जांच का लाभ उठाया। शिविर में चिकित्सकों द्वारा विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं।
ओरल कैंसर स्क्रीनिंग- मुंह के कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान हेतु विशेष जांच की व्यवस्था की गई, जिससे समय पर उपचार संभव हो सके।
सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग- महिलाओं के लिए गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे इस गंभीर बीमारी की रोकथाम में सहायता मिले।
ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग- स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच एवं जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
हाइपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) जांच- लोगों का ब्लड प्रेशर जांचकर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया।
डायबिटीज (मधुमेह) जांच- रक्त शर्करा की जांच कर संभावित मरीजों को चिन्हित किया गया एवं उन्हें आगे की चिकित्सा सलाह दी गई।
जांच में कई सस्पेक्ट मरीज मिले
जांच में सर्वाइकल कैंसर के 2 और ब्रेस्ट कैंसर के 1 सस्पेक्ट पाए गए।
50 लोगों का हीमोग्लोबिन 10 से कम पाया गया, जबकि ट्यूबरक्लोसिस के 6 सस्पेक्ट पाए गए। सभी को चिकित्सकों ने उचित सलाह दी।
रक्तदान के प्रति जागरूकता
इस शिविर के आयोजन में जिला प्रशासन को विभिन्न संस्थाओं का सहयोग मिला।
जिसमें रांची कैंसर कोर फाउंडेशन (टाटा ट्रस्ट द्वारा समर्थित) तथा राज्य एनसीडी कार्यक्रम (एनएचएम, झारखंड) का विशेष योगदान रहा।
शिविर में “ब्लड डोनेट, सेव लाइफ” का संदेश भी दिया गया, जिससे लोगों को रक्तदान के प्रति प्रेरित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, विशेषकर उन लोगों के लिए जो नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते।
सोना सोबरन मेमोरियल सोसायटी ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके और एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।
इस दौरान सिविल सर्जन प्रभात कुमार, जिला नजारत उप समाहर्त्ता सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, सोना सोबरन मेमोरियल सोसायटी के रंजीत पाठक, प्रमोद कुमार एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ रांची कैंसर कोर फाउंडेशन तथा राज्य एनसीडी कार्यक्रम (एनएचएम, झारखंड) के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
