तेज आवाज़ में गाना बजा तो होगी कड़ी कार्रवाई, रांची जिला प्रशासन हुआ सख्त

Strictness on noise pollution: इन दिनों ध्वनि प्रदूषण (noise pollution) की शिकायतें बढ़ गयी हैं। शादी हो या कोई पार्टी या कोई अन्य कार्यक्रम, देर रात तक तेज आवाज़ में संगीत की आवाज़ें गूंजती रहती है। लेकिन अगर आप रांची में रहते हैं तो यह नहीं चलेगा।

बीते कई दिनों से रांची के कई इलाकों में ध्वनि प्रदूषण की शिकायतें मिल रही थीं। इसे संज्ञान में लेते हुए रांची के उपायुक्त (Ranchi DC) सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सिमलिया क्षेत्र के विभिन्न बैंक्वेट हॉल का निरीक्षण किया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत के नेतृत्व में स्थानीय थाना प्रभारी और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया।

इस दौरान सभी बैंक्वेट हॉल संचालकों को ध्वनि प्रदूषण संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। और नियमों के उल्लंघन पर विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गयी।

कई बैंक्वेट हॉल की निरीक्षण

ये निरीक्षण रातू के सिमलिया क्षेत्र स्थित पांच बैंक्वेट हॉल में रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने और ध्वनि प्रदूषण से संबंधित मिल रही शिकायतों के आलोक में जिला प्रशासन की तरफ से किया गया।

निरीक्षण करने गयी टीम का नेतृत्व सदर के अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत कर रहे थे। उनके साथ स्थानीय थाना प्रभारी और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (SPCB) की टीम भी मौजूद थी।

हालांकि निरीक्षण के क्रम में दुल्हन बैंक्वेट हॉल में किसी प्रकार का कार्यक्रम संचालित नहीं पाया गया। वहीं विवाह बैंक्वेट हॉल में एक कार्यक्रम चल रहा था, लेकिन वहां किसी प्रकार का ध्वनि प्रदूषण नहीं पाया गया। इसके अलावा फोकस बैंक्वेट हॉल में भी कोई कार्यक्रम संचालित नहीं था।

जांच के दौरान सभी बैंक्वेट हॉल के मालिकों एवं प्रबंधकों को निर्देश दिया गया कि वे रात्रि 10 बजे के बाद डीजे या ऊंची आवाज़ में संगीत का उपयोग नहीं करेंगे और माननीय उच्च न्यायालय और ध्वनि प्रदूषण संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधितों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन की स्थिति में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन की आम नागरिकों से भी अपील की है कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करते हुए आयोजनों का संचालन करें, ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो।

रांची में रहने वाले निवासी 9430328080 नंबर पर ध्वनि प्रदूषण से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं।