JRDA and Tata Steel: धनबाद के बेलगड़िया क्षेत्र में कौशल विकास, आजीविका के अवसर और जमीनी स्तर के खेलों को मजबूत करने के लिए झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन और टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव रॉय ने सोमवार को एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया।
बेलगड़िया के विकास में आयेगी तेजी
एमओयू पर हस्ताक्षर करने के बाद उपायुक्त ने बताया कि इस समझौते का उद्देश्य बेलगड़िया में एक गैर-वित्तीय तकनीकी साझेदारी स्थापित करना है।
यह साझेदारी झरिया कोयला क्षेत्र में पुनर्वास और पुनर्स्थापन पहलों के तहत सामुदायिक विकास प्रयासों का समर्थन करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि इस सहयोग के हिस्से के रूप में, जेआरडीए मानवीय और वित्तीय संसाधनों की तैनाती के माध्यम से जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन का नेतृत्व करेगा।
जबकि टाटा स्टील फाउंडेशन तकनीकी विशेषज्ञता और क्षमता-निर्माण सहायता प्रदान करेगा।
ये पहले झरिया मास्टर प्लान के तहत जेआरडीए के चल रहे पुनर्वास और पुनर्स्थापन प्रयासों के अनुरूप हैं। इसका उद्देश्य इस क्षेत्र में व्यापक सामुदायिक विकास करना है।
युवाओं को रोजगार से जोड़ा जायेगा
उपायुक्त ने बताया कि कि इसमें बेलगड़िया के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पलानी पंचायत के युवाओं को भी शामिल किया जाएगा।
इस अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बेलगड़िया में पुनर्वास और सामुदायिक विकास की दिशा में जेआरडीए के निरंतर प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि शुरुआत में छोटे स्तर पर ही सही, सहयोग करके टीएसएफ को खुशी हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह साझेदारी युवाओं के लिए अधिक अवसर पैदा करने में मदद करेगी और दीर्घकालिक सामुदायिक कल्याण के लिए स्थानीय क्षमताओं को मजबूत करेगी।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, टीएसएफ के सीओओ देवदूत मोहंती, टीम लीडर स्कील डेवलपमेंट यशवंत कुमार सिंह, टीम लीडर स्पोर्ट्स चंद्रेया मुजुमदार, टीम लीडर पार्टनरशिप प्रियंका शर्मा के अलावा जेआरडीए के सलाहकार जीतेन्दर मल्लिक, एचओडी (स्कील एंड लाइवलीहुड) रंजन कुमार, राजन कुमार और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
